गूगल का भारत में बड़ा दांव! अब लीज पर लिया 649,000 वर्ग फुट का ऑफिस स्पेस, किराया जानकर रह जाएंगे दंग
नई दिल्ली: गूगल भारत में अपने ऑफिस का विस्तार कर रहा है। इस रणनीति के तहत गूगल ने अब 649,000 वर्ग फीट का बड़ा ऑफिस स्पेस तीन साल के लिए लीज पर लिया है। यह ऑफिस स्पेस गूगल ने बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित एलेम्बिक सिटी में लिया है। इस जगह के लिए गूगल 62 रुपये प्रति वर्ग फुट के हिसाब से मासिक किराया चुकाएगा। जानकारों के मुताबिक, गूगल ने यह कदम देश के प्रमुख शहरों में अपनी उपस्थिति को मजबूत करने के लिए उठाया है। इससे पहले साल 2022 में अमेरिकन टेक्नोलॉजी ग्रुप की सहायक कंपनी, गूगल कनेक्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने हैदराबाद में करीब 6 लाख वर्ग फुट ऑफिस स्पेस के लिए अपने किराये के समझौते का नवीनीकरण किया था। कंपनी ने बैगमैन डेवलपर्स के साथ बैंगलोर में 1.3 मिलियन वर्ग फुट ऑफिस स्पेस लीज पर लेने के लिए भी सहमति व्यक्त की।











