महंगा होने वाला है सोना! अगले 3 महीनों में इन 3 कारणों से बढ़ सकती है गोल्ड की कीमत
नई दिल्ली: सोने की कीमत बढ़ने वाली है। आने वाले कुछ समय को देखें तो कई ऐसी स्थितियां सामने दिखाई दे रही हैं जिससे सोने की कीमत में उछाल आ सकता है। इसमें फेस्टिवल सीजन, शादियां, दुनिया के देशों में युद्ध आदि प्रमुख हैं। वहीं भारत ने फिर से सोने का भंडार बढ़ाया है। इस बार बजट में सोने पर कस्टम ड्यूटी में कमी की गई थी जिससे सोने की कीमत में तेज गिरावट आई थी। उस समय सोना 70 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे आ गया था। लेकिन अब फिर से सोने में तेजी दिखाई देनी शुरू हो गई है। ऐसे में एक्सपर्ट का कहना है कि अगले तीन महीनों में सोने की कीमत में तेजी से बढ़ोतरी होगी। अभी MCX पर सोने की कीमत 71460 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
फेस्टिवल और शादियों का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में सोने की कीमत में तेजी देखी जा सकती है। दिवाली के समय सोने की कीमत में वैसे भी तेजी देखी जाती है। जानकारों के मुताबिक इस बार धरतेरस पर सोने की कीमत नया रेकॉर्ड बना सकती है। दूसरी तरफ देवोत्थान एकादशी के बाद शादियों का सीजन भी शुरू हो जाएगा। ऐसे में सोने की मांग और बढ़ेगी, जिससे इसकी कीमत में तेजी आ सकती है।
अमेरिकी में बढ़ रही मंदी को देखते हुए अमेरिकी रिजर्व बैंक (फेड रिजर्व बैंक) ब्याज दरों में कटौती का ऐलान कर सकता है। ऐसे में सोने की कीमत में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं अमेरिका में होने वाले चुनाव में अमेरिका की मंदी छाई हुई है। ऐसे में वहां की सरकार पर भी इसे कंट्रोल करने के लिए ब्याज दरों को कम करने का दबाव है।
इस समय दुनिया के कई देशों में युद्ध चल रहा है। इनमें रूस-यूक्रेन और मिडिल ईस्ट में तनाव प्रमुख हैं। आने वाले दिनों में युद्ध के हालात और खराब हो सकते हैं जिससे भी सोने की कीमत में तेजी आ सकती है। इसके कारण दुनिया के कई सेंट्रल बैंकों ने लगातार सोना खरीदा है। इससे गोल्ड की कीमत बढ़ती चली गई। युद्ध के हालातों को देखते हुए देश फिर से सोने का भंडार बढ़ा सकते हैं जिससे सोने में फिर से तेजी देखने को मिलेगी।
पिछले महीने अगस्त में सोने की कीमत में तेजी आई है। यह अगस्त में में 3.6 फीसदी की वृद्धि के साथ 887.98 अमेरिकी डॉलर (करीब 74 हजार रुपये) प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर में गिरावट और फेडरल रिजर्व की ओर से संभावित दर कटौती के संकेत के चलते इसकी कीमत में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा भारत में आयात शुल्क में कमी से सोने की मांग बढ़ी है।











