रायपुर। महादेव सट्टा ऐप के मामले में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय ने भोपाल में महादेव सट्टा ऐप के मेन ऑपरेटर गिरीश तलरेजा को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि रायपुर ईडी को महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच के दौरान गिरीश तलरेजा और रतनलाल जैन के शुभम सोनी के साथ करोड़ों रुपयों का ट्रांसजेक्शन मिला था। सूत्रों के मुताबिक भोपाल ईडी आज तलरेजा को रायपुर ईडी को सौंपेगी। वहीं इसी मामले में आरोपी रतनलाल जैन अभी फरार बताया जा रहा है।
इधर छत्तीसगढ़ के चर्चित महादेव सट्टा ऐप मामले में आरोपी नीतीश दीवान को गुरुवार को कोर्ट में पेशी हुई। इस दौरान कोर्ट में ईडी की तरफ से वकील ने नीतीश दीवान की रिमांड को आगे बढ़ाने की सिफारिश करते हुए दलीलें पेश कीं। जिस पर कोर्ट ने आरोपी नीतीश को 14 दिन की न्यायिक हिरासत पर भेज दिया है।
