सामान्य प्रेक्षक ने किया कोण्डागांव के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

सामान्य प्रेक्षक ने किया कोण्डागांव के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

कोण्डागांव। लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बस्तर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 10 के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक डॉ0 जे गणेशन ने गुरूवार को कोण्डागांव जिले के चिखलपुटी, बनियागांव, दहिकोंगा एवं जोबा मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने मतदान केन्द्रों में मतदान दलों एवं मतदाताओं के लिए आधारभूत सुविधाओं का सुनिश्चित करने हेतु जायजा लिया।

उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पहुंच भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप मतदाताओं के लिए छायादार विश्राम स्थल, पेयजल, शौचालय की सुविधा सहित दिव्यांग मतदाताओं हेतु रैम्प इत्यादि की व्यवस्था करने हेतु निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए छाया एवं पेयजल की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किये जाने हेतु कहा।

सामान्य प्रेक्षक द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु चिखलपुटी, बनियागांव, दहिकोंगा एवं जोबा का निरीक्षण कर मतदाताओं को सुगम मतदान करने हेतु प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं को देखा और सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराए जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। इस दौरान एसडीएम कोण्डगांव निकिता मरकाम एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Advertisement