गया का रंगबाज सरेआम करता रहा फायरिंग, अब पुलिस खोज रही अपराधी को
गया: बीच शहर में डीजे की धुन पर डांस फिर हर्ष फायरिंग। गया जिले का एक वीडियो कम से कम यही बता रहा है। इस वीडियो में डीजे की धुन पर दर्जनों लोग डांस कर रहे हैं। उसी भीड़ में से एक युवक हाथ में हथियार लहराते हुए हर्ष फायरिंग करता है। हर्ष फायरिंग का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीते दिनों गया जिले के चंदौती थाना में एक अपराधी अपना जन्मदिन दोस्तों के साथ मना रहा था। बर्थडे बॉय के दोस्तों ने बार-बार उसे फायरिंग के लिए कहा। इसके बाद उसने एक देसी गन हाथ में ली और गोली दागी। इसके बाद उसने पिस्तौल से भी फायरिंग की। इस दौरान पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया।बर्थडे में अपराधी ने दनादन दागी गोलियां
ये वायरल वीडियो गया के कोतवाली थाना क्षेत्र के झीलगंज पहसी लेन मुहल्ले का है। वीडियो में देसी बंदूक से फायरिंग कर रहे युवक की पहचान एक अपराधी के तौर पर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला नंद लाल यादव उर्फ मंटू यादव झीलगंज पहसी लेन का ही रहने वाला है। नंद लाल उर्फ मंटू यादव पहले भी आपराधिक मामले में जेल जा चुका है।
हर्ष फायरिंग गया पुलिस के लिए चुनौती बनी
इस संबंध में गया के SSP आशीष भारती ने बताया कि सोशल मीडिया से एक वीडियो पुलिस को मिला है। इसको लेकर कोतवाली थाना में मामला दर्ज किया गया है। वीडियो के आधार पर कानून तोड़ने वाले को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही गया के एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि 'हर्ष फायरिंग ना करें। कई बार हर्ष फायरिंग के दौरान हादसे होते हैं और किसी न किसी की जान चली जाती है। ऐसे में जो लोग हर्ष फायरिंग कर कानून का उल्लंघन करेंगे उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।'











