एलीट क्लब से बाहर होने से बच गए गौतम अडानी, एक दिन में कमा लिए 14,104 करोड़

एलीट क्लब से बाहर होने से बच गए गौतम अडानी, एक दिन में कमा लिए 14,104 करोड़
नई दिल्ली: देश के तीसरे बड़े औद्योगिक घराने अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी अमीरों की लिस्ट में एक स्थान ऊपर चढ़ गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक मंगलवार को उनकी नेटवर्थ में 1.68 अरब डॉलर यानी 1,41,04 करोड़ रुपये की तेजी आई। इसके साथ ही उनकी नेटवर्थ 102 अरब डॉलर पहुंच गई है और वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 14वें स्थान पर आ गए हैं। उन पर 100 अरब डॉलर वाले एलीट क्लब से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था लेकिन मंगलवार का दिन उनके लिए मंगल रहा। इस साल उनकी नेटवर्थ में 18.1 अरब डॉलर की तेजी आई है। अडानी एशिया में मुकेश अंबानी के बाद दूसरे बड़े रईस हैं। दोनों की नेटवर्थ में 12 अरब डॉलर का अंतर है। 100 अरब डॉलर वाले क्लब में दुनिया के केवल 14 अरबपति हैं और आखिरी नंबर पर गौतम अडानी हैं।

देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी 114 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर बने हुए हैं। लेकिन टॉप 10 में पहुंचने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ेगा। इसकी वजह यह है कि उनकी और 10वें नंबर पर मौजूद सर्गेई ब्रिन की नेटवर्थ में 21 अरब डॉलर का अंतर है। अंबानी की नेटवर्थ में इस साल 17.6 अरब डॉलर की तेजी आई है। मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। इस कारण दुनिया के टॉप 10 अमीरों में से नौ की नेटवर्थ में गिरावट आई।

कौन-कौन हैं टॉप 10 में


दुनिया के सबसे बड़े रईस की कुर्सी पर एलन मस्क जमे हुए हैं। मंगलवार को उनकी नेटवर्थ में 2.51 अरब डॉलर की गिरावट आई और यह 237 अरब डॉलर रह गई। ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस 200 अरब डॉलर के साथ दूसरे और फ्रांसीसी कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट 196 अरब डॉलर के साथ तीसरे नंबर पर हैं। मार्क जकरबर्ग (182 अरब डॉलर) चौथे, बिल गेट्स (160 अरब डॉलर) पांचवें, लैरी एलिसन (154 अरब डॉलर) छठे, वॉरेन बफे (150 अरब डॉलर) सातवें, लैरी पेज (143 अरब डॉलर) आठवें, स्टीव बालमर (142 अरब डॉलर) नौवें और सर्गेई ब्रिन (135 अरब डॉलर) दसवें नंबर पर हैं।
Advertisement