जुआ को लेकर गैंगवार, जुबैर मौलाना के गुर्गों ने नफीस अदालत पर गोली दागी

जुआ को लेकर गैंगवार, जुबैर मौलाना के गुर्गों ने नफीस अदालत पर गोली दागी
भोपाल। जुआ खिलाने को लेकर राजधानी में दो बदमाशों के गिरोहों के बीच शनिवार रात झड़प हो गई। इस दौरान कुख्यात बदमाश जुबैर मौलाना के गुर्गों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ करते हुए नफीस उर्फ अदालत के ऊपर दो फायर कर दिए। हालांकि नफीस इस हमले में बाल-बाल बच गया। जिला अदालत के पीछे स्थित दुर्गा नगर में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई।

दोनों ही आदतन अपराधी

शिकायत मिलने पर पुलिस ने जुबैर मौलाना और उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जुबैर और नफीस के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में कई संगीन अपराध दर्ज हैं। दोनों ही अपने-अपने इलाके में जुआ-सट्टा खिलाने के मामले में जाने जाते हैं।

फोन पर बहस के बाद गुर्गों को मारने भेजा

एमपी नगर थाना पुलिस के मुताबिक दुर्गा नगर निवासी नफीस उर्फ अदालत थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। शनिवार रात जुआ खेलने को लेकर फोन पर उसकी कुख्यात बदमाश ऐशबाग निवासी जुबैर मौलाना से बहस हो गई थी। इसके बाद जुबैर ने अपने गुर्गे सलमान, राजा और अन्य को नफीस के घर पर भेज दिया। बदमाशों के ललकारने पर नफीस घर से बाहर निकला, तभी उन लोगों ने वहां खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ करना शुरू कर दी। इस दौरान सलमान ने पिस्टल से नफीस पर दो फायर कर दिए।

इलाके में फैली दहशत

रात करीब 12 बजे इलाके में अचानक गोली चलने से सनसनी फैल गई। घटना की खबर मिलने पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी भी की, लेकिन सभी बदमाश कार से फरार होने में सफल हो गए। इस मामले में पुलिस ने जुबैर के खिलाफ हमले की साजिश रचने का केस दर्ज किया है। ऐशबाग थाना क्षेत्र के बाग उमराव दुल्हा का रहने वाले जुबैर के खिलाफ दर्जनों आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इतना ही नहीं, जब वह जुआ खेलते हुए पकड़ा गया था, तो थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया था।
Advertisement