मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक, बाकी है बारिश का दौर, पढ़ें अगले 24 घंटे में कहां कैसा रहेगा मौसम

मध्यप्रदेश से लेकर दिल्ली तक, बाकी है बारिश का दौर, पढ़ें अगले 24 घंटे में कहां कैसा रहेगा मौसम

इंदौर।  दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के साथ अन्य प्रदेशों में बारिश रूकने का नाम नहीं ले रही है। कई राज्यों में मानसून ने तबाही मचा दी है। मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) यूपी, बिहार और दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश की भविष्यवाणी की है।


14 साल में सबसे कम तापमान

पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश से दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है। तापमान में गिरावट देखी गई। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 14 सालों में सितंबर का सबसे कम तापमान है।

पश्चिम बंगाल में बाढ़ का कहर

बंगाल में लगातार हो रही बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई गांव डूब गए हैं। दामोदार घाटी निगम के अनुसार, बुधवार सुबह से मैथन डैम में चालीस हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद हावड़ा, हुगली, बर्धमान, खानाकुल और आरामबाग में बाढ़ आ गई।


ओडिशा में 40 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित

पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के बाद ओडिशा के लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। कई एकड़ खेत जलमग्न हो गए हैं। लोगों ने अपने-अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर शरण लिए हुए हैं। उन्हें सरकार द्वारा खाना-पानी मुहैया कराया जा रहा है। 264 गांव और दो नगर पालिका में बाढ़ के पानी के कारण करीब चालीस हजार लोग प्रभावित हुए हैं।

Advertisement