भोपाल। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 1,369 सरकारी और प्राइवेट कालेजों की 9.90 लाख सीटों में प्रवेश के लिए छठवें चरण की कालेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) चल रही है। अब तक यूजी-पीजी में करीब 5.08 लाख प्रवेश हुए हैं। अभी भी करीब 4.59 लाख सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए अब विभाग एक और अंतिम चरण की सीएलसी राउंड शुरू होने वाला है। 12 से 30 सितंबर तक सातवां सीएलसी चरण चलाया जाएगा।
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार सातवें राउंड में यूजी-पीजी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 12 से 16 सितंबर तक पंजीयन के साथ ही कालेजों की च्वाइस लाक करेंगे। इसी दौरान पंजीयन के दूसरे दिन से दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा। 20 सितंबर को कालेजों में मेरिट लिस्ट के अनुसार आवंटन होगा। विद्यार्थी 20 से 26 सितंबर तक आवंटित कालेजों में आनलाइन फीस जमा कर प्रवेश ले सकेंगे। इसी अवधि में अपग्रेशन का विकल्प भी ले सकते हैं। 27 सितंबर को अपग्रेडेशन का आवंटन और 30 सितंबर तक इसके प्रवेश होंगे। महाविद्यालय स्तर से संकायवार जारी वरीयता सूची में स्थान प्राप्त विद्यार्थी को प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए उनके पंजीकृत किया जाए। बता दें,कि पांचवें चरण तक यूजी-पीजी में करीब 4.91 लाख प्रवेश हुए थे।
छठवें चरण में करीब 23 हजार प्रवेश हुए हैं
छठवें चरण में यूजी व पीजी में कुल 24,867 पंजीयन हुए हैं। इसमें 23,467 विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है, जबकि करीब 70 हजार विद्यार्थियों ने अपनी पसंद की सीटों को लाक किया है।











