भोपाल। मध्य प्रदेश में वरिष्ठ नेता सरताज सिंह का भोपाल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। सरताज सिंह पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। इस दौरान वह केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश सरकार में भी मंत्री रहे। सरताज सिंह लंबे समय से बीमार थे और भोपाल में उनका इलाज चल रहा था। सभी उन्हें सरताज बाबू जी के नाम से जानते थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा समेत अनेक नेताओं ने शोक जताया है।
2018 में छोड़ दी थी भाजपा
2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट न मिलने पर सरताज सिंह पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने होशंगाबाद (अब नर्मदापुरम) सीट से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि वह चुनाव हार गए थे। बाद में उन्होंने पुन: भाजपा में वापसी कर ली थी।
अर्जुन सिंह को चुनाव में दी थी पटखनी
सरताज सिंह अपने जमाने में भाजपा के कद्दावर नेता थे। वह पांच बार सांसद, दो बार मंत्री और विधायक रहे। इसके अलावा वह दो बार नगर पालिका अध्यक्ष भी रह चुके थे। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार में वन व पीडब्ल्यूडी जैसे मंत्रालयों का जिम्मा संभाला। वह पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे अर्जुन सिंह को भी एक बार चुनाव में पटखनी दे चुके थे।
सरताज जी के निधन से मन व्यथित - शिवराज
सरताज सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक व्यक्त किया और इंटरनेट मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम शिवराज ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- केंद्र व मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रहे सरताज सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार सुनकर मन व्यथित है। भगवान से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिवारजनों को यह अपार दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति।
वीडी शर्मा ने भी जताया शोक
उनके निधन पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी शोक जताया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सरताज सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकमय परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।











