पूर्व डीजीपी को मिला JSSC का जिम्मा, हेमंत सरकार ने नीरज सिन्हा पर जताया बड़ा भरोसा
रांची: झारखंड के रिटायर्ड डीजीपी नीरज सिन्हा को राज्य सरकार ने झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन का चेयरमैन नियुक्त किया है। इससे जुड़ी अधिसूचना गुरुवार की शाम जारी की गई। आदेश में कहा गया है कि नीरज सिन्हा को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग में अध्यक्ष के पद पर 27 सितंबर 2023 के प्रभाव से नियुक्त किया जाता है। वह पदभार करने की तिथि से अधिकतम 65 वर्ष की आयु पूरी करने तक आयोग के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत रहेंगे। 1987 बैच के आईपीएस नीरज सिन्हा 12 फरवरी 2021 से लेकर 11 फरवरी 2023 तक झारखंड के डीजीपी रहे थे। हालांकि, वह 31 जनवरी 2022 को ही सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन राज्य सरकार ने उन्हें एक साल का सेवा विस्तार दिया था।झारखंड के पूर्व डीजीपी को JSSC का जिम्मा
इसे लेकर विवाद भी हुआ था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। हालांकि डीजीपी के तौर पर नीरज सिन्हा के कार्यकाल में झारखंड पुलिस ने कई उल्लेखनीय सफलताएं हासिल की। दो दशकों से भी ज्यादा समय तक नक्सलियों के कब्जे में रहे बूढ़ापहाड़ को मुक्त कराना उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी सफलता मानी गई। अब सेवानिवृत्ति के करीब सात महीने बाद उन्हें झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन में सरकार ने नया दायित्व सौंपा है।











