भोपाल में आलमी तब्लीगी इज्तिमा का आज (1 दिसंबर) तीसरा दिन है। इज्तिमा में 7 से 8 लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है। आज भी तीन सेशन में तकरीर (उपदेश) होगी। इस साल इज्तिमे में 33 देश से 433 मेहमान आए हैं। इन्हें हाई सिक्योरिटी एरिया में ठहराया गया है। विदेश से आई इन जमातों के लिए तीन लेवल पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
इज्तिमा कमेटी के मीडिया को-ऑर्डिनेटर डॉ. उमर हफीज ने बताया कि 3 लेवल की सिक्योरिटी में हर लेवल पर 50-50 वॉलेंटियर्स तैनात रहते हैं। इनकी ड्यूटी 8 घंटे की रहती है। एक शिफ्ट खत्म होने पर दूसरे वॉलेंटियर्स चार्ज लेते हैं। यह प्रोसेस दिन - रात चलती रहती है। तीन शिफ्ट (8×3 = 24) में वॉलंटियर ड्यूटी देते हैं।
यहां चौकी से पुलिस भी आसपास नजर रखती है। यहां भी शिफ्ट में 10-10 पुलिस कर्मी तैनात रहते हैं। मेन गेट पर पुलिस के एक वॉच टॉवर पर भी चौबीस घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं।
इज्तिमा में हाई सिक्योरिटी के 3 लेवल
- पहला लेवल: पुलिस के साथ निगरानी जमात रहती है। यहां विदेशी जमातों का रजिस्ट्रेशन करने के लिए फॉर्म-सी भरवाया जाता है। इसकी कॉपी थाने में जमा कर क्लीयरेंस लेते हैं। इसके बाद ही दूसरे लेवल में एंट्री दी जाती है। यहां पुलिस चौकी में 3 शिफ्ट में 10-10 पुलिसकर्मी रहते हैं। मेन गेट पर पुलिस का वॉच टॉवर है।
- दूसरा लेवल: विदेशी जमातों के लोगों के लिए इस्तकबाल रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया गया है। पहले सुरक्षा घेरे के बाद सीधे विदेशी मेहमान इस काउंटर पर आते हैं। यहां उन्हें ठहरने की जगह अलॉट की जाती है। इसके बाद ही तीसरे लेवल में एंट्री होती है।
- तीसरा लेवल: यहां इंटरनल रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाया गया है। यहां से सभी को ट्रांसलेटर दिए जाते हैं। इसके अलावा जरूरी चीजें जैसे- गद्दा, रजाई के साथ ही खाने के टोकन दिए जाते हैं।











