10 महीने में पहली बार चीन ने घटाई ब्याज दरें, उधर US में रेट हाइक पर पॉज बटन, ग्लोबल इकॉनमी के लिए कैसे संकेत?
Updated on
15 Jun 2023, 07:51 PM
नई दिल्ली : ग्लोबल इकॉनमी (Global Economy) से जुड़ी दो बड़ी खबरें सामने आई हैं। पहली, अमेरिका ने 15 महीने में पहली बार इंटरेस्ट रेट हाइक (US Fed Interest Rate) पर पॉज बटन दबाया है। बुधवार रात अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में वृद्धि के सिलसिले को रोकने का फैसला लिया। वहीं, दूसरी तरफ चीन ने 10 महीने में पहली बार प्रमुख ब्याज दर (China Interest Rate) को घटाया है। यह दिखाता है कि दुनिया में अब महंगाई घट रही है और केंद्रीय बैंकों का ब्याज दरों को लेकर रुख नरम पड़ रह है। इससे पहले भारत के सेंट्रल बैंक आरबीआई ने भी रेपो रेट (RBI Repo Rate) में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया था।चीन ने घटा दी ब्याज दरें
चीन के सेंट्रल बैंक ने अपनी प्रमुख मीडियम टर्म लेंडिंग रेट्स को घटा दिया है। यह एक बहुप्रतीक्षित कदम था, क्योंकि चीनी इकॉनमी की पोस्ट कोविड रिकवरी की रफ्तार कम हो रही है। पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने कुछ वित्तीय संस्थानों के लिए 237 अरब चीनी यूआन (33 अरब डॉलर) की एक साल की मीडियम टर्म ऋण सुविधा के लिए रेट को 10 अधार अंक घटाकर 2.65 फीसदी कर दिया है। इससे पहले इस हफ्ते की शुरुआत में सेंट्रल बैंक ने 7-दिन की रिवर्स रिपर्चेज रेट को 2 फीसदी से घटाकर 1.9 फीसदी कर दिया था।
10 महीने में पहली बार घटी रेट
चीनी केंद्रीय बैंक ने आखिरी बार अगस्त में 400 अरब यूआन के एक साल के एमएलएफ लोन्स पर ब्याज दर को घटाया था। अब 10 महीनों में पहली बार ब्याज दरों में गिरावट आई है। चीन की मध्यम अवधि की उधार सुविधा केंद्रीय बैंक को बैंकिंग प्रणाली में लिक्विडिटी डालने के लिए शुरू किया गया एक फंडिंग चैनल है।अमेरिका में 5 से 5.25 फीसदी है रेटअमेरिका की बात करें, तो फेडरल रिजर्व ने लगातार 10 बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी की थी। महंगाई पर काबू पाने के लिए यूएस फेड ने ब्याज दरों को बढ़ाया। इस बार फेड ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। इस समय अमेरिका में प्रमुख ब्याज दर 5 से 5.25 फीसदी है।