नामी रेस्टोरेंट के किचन में गंदगी के बीच पकाया जा रहा था खाना, प्रशासन ने किया सील

नामी रेस्टोरेंट के किचन में गंदगी के बीच पकाया जा रहा था खाना, प्रशासन ने किया सील

भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खुदागंज के रेस्टोरेंट '32 डिग्री नार्थ ईस्ट' के किचन-स्टोर को सील कर दिया है। रेस्टोरेंट के पास ना तो लाइसेंस, ना ही कोई पंजीयन था। ऐसे में विभाग रेस्टोरेंट संचालक पर कार्रवाई करने बात कर रहा है।

बता दें कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की टीम रेस्टोरेंट के बारे में मिल रही शिकायतों के बाद कार्रवाई के लिए पहुंची थी। किचन में रखरखाव संबंधी गंभीर कमियों को लेकर कई बार शिकायतें मिली थीं। खाद्य निरीक्षक भोजराज सिंह धाकड ने बताया कि निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट संचालक 32 डिग्री नार्थ ईस्ट के नाम पर जारी खाद्य पंजीयन या लाइसेंस दिखाने में असफल रहे। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 की धारा 31 की अवहेलना का गंभीर अपराध पाया है। इसके अतिरिक्त किचन में व्याप्त अस्वच्छता को दृष्टिगत रखते हुये अभिहित अधिकारी द्वारा संस्थान से खाद्य कारोबार रोकने के उद्देश्य से सील करने संबंधी आदेश जारी किया गया है।

खाद्य निरीक्षक धाकड ने बताया कि प्रतिष्ठान से पनीर, काजू टुकड़ी, दही तथा स्टीम राइस के नमूने लेकर जांच के लिए लैब को भेजे गए हैं। कार्रवाई के दौरान खाद्य निरीक्षक भोजराज सिंह धाकड, जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा और अर्चना प्रभाकर मौजूद रहे।


Advertisement