15 राज्यों में कोहरा राजस्थान समेत 6 राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट, स्कूलों की छुट्टी

15 राज्यों में कोहरा राजस्थान समेत 6 राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट, स्कूलों की छुट्टी

देश के पूर्वी और मध्य राज्यों में बारिश के चलते ठंड बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में दो दिन और बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी छिटपुट बारिश हो सकती है। कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में अगले पांच दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत 6 राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम पारा फ्रीजिंग पाइंट पर आ गया। सीकर में पारा 1.0° और फतेहपुर में 2.8° सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश सहित 15 राज्यों में कोहरा छाया हुआ है। 6 जनवरी को भी इन राज्यों में यही हालत रह सकती है। बढ़ती सर्दी को देखते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग ने प्रदेश के माध्यमिक स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। स्कूल अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित किए जाएंगे।

वहीं, राजस्थान के जयपुर में सरकारी और निजी स्कूलों में 8वीं क्लास तक की ठंड की छुट्टियां 13 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं। सीकर में भी 15 जनवरी से स्कूल खुलेंगे। वहीं, कोहरे के चलते दिल्ली से 22 ट्रेन देरी से चल रही हैं।

कोहरे का असर विजिबिलिटी पर भी पड़ा है। अंबाला, बरेली, सागर में 25 मीटर से कम विजिबिलिटी रही। वहीं, अमृतसर, चूरू, पालम (दिल्ली), जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, बहराइच, गोरखपुर, गया, पूर्णिया में 50 मीटर से कम विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई।

आगे कैसा रहेगा मौसम

  • जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अलग-अलग इलाकों में 5 जनवरी को सुबह कुछ घंटों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
  • उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सिक्किम, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले दो दिन कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
  • अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर बनने से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 3-4 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। MP और झारखंड में हल्की बारिश हो सकती है।
  • 5 जनवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पांच जनवरी को बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें

  • ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
  • हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।

Advertisement