फर्स्टक्राई CEO ने IPO से पहले 300-करोड़ के शेयर्स बेचे

फर्स्टक्राई CEO ने IPO से पहले 300-करोड़ के शेयर्स बेचे

ऑनलाइन रिटेलर फर्स्टक्राई के CEO और को-फाउंडर सुपम माहेश्वरी ने कंपनी के लगभग 6.2 मिलियन शेयर्स 487.44 रुपए प्रति शेयर की कीमत पर बेच दिए हैं। इन शेयर्स की टोटल कीमत 300 करोड़ रुपए थी। मनीकंट्रोल ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के हवाले से बताया कि यह ट्रांजेक्शन कंपनी के IPO के लिए डॉक्यूमेंट्स फाइल करने से ठीक 10 दिन पहले हुआ था।

माहेश्वरी की हिस्सेदारी 7.46% से घटकर 5.95% रह गई है
माहेश्वरी ने DRHP फाइलिंग से पहले छह महीनों में टोटल 9.34 मिलियन शेयर बेचे थे। ट्रांजेक्शन के समय शेयर की कीमत के आधार पर इन शेयरों की वैल्यूएशन 455 करोड़ रुपए से ज्यादा थी। माहेश्वरी के इस कदम से कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 7.46% से घटकर 5.95% रह गई है।

सॉफ्टबैंक जैसे निवेशकों द्वारा समर्थित फर्स्टक्राई द्वारा अपने IPO की वैल्यूएशन $3.5 और $3.75 बिलियन (₹29,098-₹31,176 करोड़) के बीच निर्धारित करने की उम्मीद है। इस रेंज का हायर एंड दिसंबर शेयर सेल प्राइस पर 31% प्रीमियम है। माहेश्वरी की शेयर सेल के अलावा सॉफ्टबैंक सहित अन्य फाउंडर्स और निवेशकों ने हाल की सेकेंडरी शेयर सेल में भाग लिया, जिससे कंपनी की वैल्यू 23,000 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गई है।

फर्स्टक्राई ने 28 दिसंबर को SEBI के पास DRHP फाइल किया था
28 दिसंबर को ऑनलाइन रिटेलर फर्स्टक्राई की पेरेंट कंपनी ब्रेनबीज सॉल्यूशंस ने इनिशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए मार्केट रेगुलेटर SEBI के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल किया था। ड्राफ्ट पेपर्स के अनुसार, फ्रेश इश्यू ऑफ शेयर्स के तहत ब्रेनबीज सॉल्यूशंस 218 मिलियन डॉलर यानी करीब 1,816 करोड़ रुपए के नए शेयर्स बेचेगी।

वहीं टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा और फर्स्टक्राई के को-फाउंडर-CEO सुपम माहेश्वरी सहित मौजूदा निवेशक 54.4 मिलियन यानी 5.44 करोड़ इक्विटी शेयर्स ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत बेचेंगे। हिस्सेदारी बेचने वाले निवेशकों में टाटा और माहेश्वरी के अलावा सॉफ्टबैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) समेत अन्य शामिल है।

फर्स्टक्राई में सॉफ्टबैंक की 25.5% हिस्सेदारी
फर्स्टक्राई के सबसे बड़े शेयरहोल्डर सॉफ्टबैंक के पास फर्म में 25.5% हिस्सेदारी है। वहीं M&M के पास 10.98% स्टेक्स हैं। IPO के जरिए सॉफ्टबैंक की यूनिट SVF फ्रॉग कंपनी के 2.03 करोड़ शेयर बेचेगी। M&M भी इस इश्यू के जरिए ब्रेनबीज सॉल्यूशंस में अपनी 0.58% हिस्सेदारी या 28 लाख शेयर बेचेगी। प्रेमजी इन्वेस्ट OFS के दौरान 86 लाख शेयर बेचेगी।

फर्स्टक्राई के 77,900 शेयर्स बेचेंगे रतन टाटा
टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा और फर्स्टक्राई के को-फाउंडर-CEO सुपम महेश्वरी अपकमिंग IPO में शेयर बेचने वाले इंडिविजुअल्स में शामिल हैं। DRHP के अनुसार, रतन टाटा ने 0.02% हिस्सेदारी के लिए 66 लाख रुपए का निवेश किया था। वे अब अपने सभी 77,900 शेयर्स बेचने का प्लान बना रहे हैं। उन्होंने तब 84.72 रुपए के भाव से कंपनी के शेयर्स खरीदे थे।

फर्स्टक्राई का भारत में 936 स्टोर्स का नेटवर्क
फर्स्टक्राई ने कहा कि वह IPO से प्राप्त फंड का यूज भारत और सऊदी अरब में अपने स्टोर्स की संख्या बढ़ाने और मौजूदा भारतीय स्टोर्स के लीज पेमेंट्स को क्लियर करने के लिए करेगी। कंपनी का भारत में 936 स्टोर्स का नेटवर्क है, लेकिन उसने सऊदी अरब में अपने स्टोर्स की संख्या का खुलासा अब तक नहीं किया है।

रेवेन्यू दो गुना से ज्यादा बढ़कर ₹5,632.53 करोड़ हुआ
इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म टॉफलर के अनुसार, ब्रेनबीज ने 2022-23 में 486.05 करोड़ रुपए का कंसोलिडेटेड नेट लॉस दर्ज किया था। हालांकि, 31 मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए इसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दो गुना से ज्यादा बढ़कर 5,632.53 करोड़ रुपए हो गया।

न्यू बोर्न और छोटे बच्चों से जुड़े प्रोडक्ट बेचने वाली कंपनी ने 78.68 करोड़ रुपए का नेट लॉस दर्ज किया था और 31 मार्च 2022 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए ऑपरेशन से इसका रेवेन्यू 2,401.28 करोड़ रुपए रहा था।

Advertisement