पहले दौड़ाया फिर इत्मीनान से सिर में उतार दी गोली, पटना में प्रॉपर्टी डीलर को ऐसे किया छलनी
पटना: बिहार की राजधानी पटना गुरुवार को सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठी। ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज से इलाके के लोगों में खौफ पसर गया। काफी देर तक अफरातफरी मची रही। जब माहौल थोड़ा शांत हुआ तो लोग सड़क पर निकले। यहां अपराधी अपने पीछे गोलियों से छलनी एक लाश छोड़ गए थे। ये लाश एक प्रॉपर्टी डीलर की थी जिसे अपराधियों ने गोलियों से छलनी कर दिया था। ये लाश पुलिस के मुंह पर अपराधियों की खुली चुनौती थी। राजधानी पटना में इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर हत्यारे आराम से निकल भागे।प्रॉपर्टी डीलर को दौड़ा-दौड़ा कर मारी गोली
इस सनसनीखेज हत्याकांड को बेऊर थाना क्षेत्र के बेतौरा रोड में अंजाम दिया गया। प्रॉपर्टी डीलर पर एक के बाद एक पांच गोलियां बरसाई गईं। हालांकि तीन गोलियां मिस कर गईं। लेकिन बाकी गोलियां उनके शरीर में जा धंसी। मृतक की पहचान बेतौडा के रहने वाले सत्येंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। वारदात की खबर मिलते ही घरवाले मौके पर पहुंचे और उन्हें उठाकर पर अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नीचे देखिए ये वीडियो और जानिए इस खौफनाक कांड का एक एक लम्हा...
एक बाइक पर आए थे तीन हत्यारे
खबर लिखे जाने तक पुलिस इलाके के सीसीटीवी खंगाल रही थी। बताया जाता है कि अपराधी एक मोटरसाइकिल पर तीन की संख्या में आए थे। उन्होंने मॉर्निंग वॉक कर रहे सत्येंद्र कुमार पर एक के बाद एक कई गोलियां बरसाईं। प्रत्यक्षदर्शियों और उनके साथ मॉर्निंग वॉक करनेवाले के मुताबिक लगभग 5 बजे वह अपने घर से सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन की संख्या में अपराधी पहले से घात लगाए हुए थे। वो जैसे ही घर से निकले, कुछ दूरी तक अपराधियों ने उनका पीछा किया।
इत्मीनान से सिर में मारी गोली
सत्येंद्र सिंह का पीछा करने के बाद उन पर पीछे से एक अपराधी गोली चलाने लगा। उन पर जब गोली चलने की आवाज आई तो उनके साथ घूम रहे दो और दोस्त भागने लगे। सत्येंद्र ने भी बचने की कोशिश की, लेकिन गोलियां लगने के बाद वो गिर गए। करीब 100 मीटर तक अपराधियों ने उन्हें दौड़ाया। इसके बाद एक अपराधी सत्येंद्र के पास पहुंचा और आखिरी गोली उनके सिर में उतार दी।











