जयवीर सिंह रविवार को डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में आयोजित रोजगार भारती के कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। यहां उन्होंने जैन समाज के तीर्थस्थल चंद्रवाड़ से जुड़ी 3 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि चंद्रवाड़ के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये पहले दिए जा चुके हैं। यूपी को विदेशी और स्वदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बनाने की दिशा में सरकार काम कर रही है। वर्ष 2022 में देश में सर्वाधिक 31 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आए हैं।
अकबर के सेनापति के नाम पर है फिरोजाबाद का नाम
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विदेशी आक्रमणकारियों ने वर्ष 1566 में जैन समाज के राजा चंद्रसेन के राज्य पर हमला किया था। अकबर के सेनापति फिरोजशाह ने चंद्रवाड़ पर कब्जा कर लिया था। अकबर ने फिरोज शाह के नाम से फिरोजाबाद का नाम रख दिया था। नगर निगम के सामने आज भी फिरोजशाह का प्राचीन मकबरा स्थित है।











