भोपाल। बैरसिया रोड पर ईंटखेड़ी में सैनी चौराहा स्थित एक बर्तन गोदाम में अचानक आग लग गई। घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। इस घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर गांधी नगर फायर सब स्टेशन से दमकल की गाड़ियों को रवाना किया गया। फायर फाइटर्स ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फैली, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। लगने की वजह का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट या पटाखे से निकली चिंगारी को माना जा रहा है।
टला बड़ा हादसा
फायर फाइटर पंकज यादव ने बताया कि जिस बर्तन गोदाम में आग लगी, उससे कुछ ही दूरी पर पटाखा सेंटर के साथ ही ट्रांसपोर्ट और उसका गोदाम था। साथ ही आसपास रिहायशी इलाका भी है। वक्त रहते आग को काबू कर लिया गया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। आग लगने की वजह से गोडाउन का फर्नीचर और दस्तावेज वगैरह जल गए हैं। बर्तनों को भी नुकसान पहुंचा है।
