महिला CEO ने गोवा में बेटे की हत्या की 4 साल के बच्चे का शव लेकर बेंगलुरु गई होटल रूम में खून मिलने से खुलासा

महिला CEO ने गोवा में बेटे की हत्या की 4 साल के बच्चे का शव लेकर बेंगलुरु गई होटल रूम में खून मिलने से खुलासा

बेंगलुरु की एक स्टार्टअप कंपनी की CEO ने गोवा के एक होटल में अपने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बैग में भरकर टैक्सी से बेंगलुरु चली गई। कर्नाटक पुलिस ने सूचना को उसके बेटे के शव के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी महिला की पहचान 39 साल की सूचना सेठ के रूप में की गई है। वह स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल AI लैब की को-फाउंडर है। सूचना 6 जनवरी को गोवा के सोल बनयान ग्रांडे होटल में अपने बेटे के साथ आई थी। सोमवार (8 जनवरी) को उसने होटल से चेक-आउट किया था।

होटल रूम में खून के धब्बे मिलने से खुलासा
घटना का खुलासा तब हुआ जब होटल का एक स्टाफ रूम में सफाई करने पहुंचा। उसने रूम में खून के धब्बे देखे। स्टाफ ने होटल मैनेजमेंट को इसकी सूचना दी। इसके बाद गोवा पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने CCTV चेक किया, जिसमें महिला अपने बेटे का साथ होटल में आती दिखी। हालांकि, जाते वक्त वह अकेली थी। इसके बाद गोवा पुलिस हरकत में आई।

टैक्सी में जाने की जिद कर रही थी महिला
होटल के स्टाफ ने पुलिस को बताया कि सोमवार को महिला अपने कमरे से अकेले बाहर निकली और बेंगलुरु के लिए टैक्सी बुक करने को कहा। स्टाफ ने महिला से कहा कि कैब का किराया ज्यादा होगा। उसने सूचना को फ्लाइट से बेंगलुरु जाने की सलाह दी। हालांकि, महिला टैक्सी से ही जाने की जिद कर रही थी। स्टाफ ने टैक्सी बुलाई, जिससे सूचना अपना सामान लेकर बेंगलुरु चली गई।

गोवा पुलिस के कहने पर टैक्सी ड्राइवर थाने पहुंचा
गोवा पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को फोन किया और उसके जरिए सूचना से बात की। पुलिस ने सूचना से उसके बेटे के बारे में पूछा। सूचना ने दावा किया कि उसका बेटा गोवा के फतोर्डा में एक रिश्तेदार के घर पर है। सूचना ने एक पता भी बताया, जो फर्जी निकला।

इसके बाद गोवा पुलिस का शक और पक्का हो गया। पुलिस ने टैक्सी ड्राइवर को कर्नाटक के नजदीकी पुलिस स्टेशन जाने के लिए कहा। टैक्सी ड्राइवर सूचना को लेकर कर्नाटक के चित्रदुर्ग पुलिस स्टेशन पहुंचा। वहां उसके बैग में बच्चे का शव मिला। इसके बाद कर्नाटक पुलिस ने सूचना को हिरासत में ले लिया।

सूचना ने अपने बेटे का मर्डर क्यों किया, इसकी वजह का खुलासा अभी नहीं हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूचना और उसके पति के बीच अलगाव था। प्रारंभिक जांच में बेटे की हत्या का कारण इसे ही माना जा रहा है।


Advertisement