पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने FD और पोस्ट ऑफिस ने टाइम डिपॉजिट स्कीम पर मिलने वाले ब्याज में 1 जनवरी से बढ़ोतरी की है। इससे पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और कोटक महिंद्रा बैंक ने भी हाल ही में FD की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है।
ऐसे में अगर आप FD कराने का प्लान बना रहे हैं तो आपको इन बैंकों और पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट अकाउंट की नई ब्याज दरों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। हम आपको इनके बारे में बता रहे हैं। ताकि आप अपने हिसाब से सही जगह निवेश कर सकें।
नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट में मिल रहा 7.5% तक का ब्याज
यह एक तरह की FD ही है। इसमें एक तय अवधि के लिए निवेश करके आप निश्चित रिटर्न पा सकते हैं।
टाइम डिपॉजिट अकाउंट 1 से 5 साल तक की अवधि के लिए 6.9% से 7.5% तक ब्याज दर की पेशकश करता।
इसमें 1000 रुपए का मिनिमम निवेश करना होता है। वहीं अधिकतम निवेश की कोई सीमा नहीं है
कहां कितने समय में पैसा होगा डबल?
नेशनल सेविंग्स टाइम डिपॉजिट अकाउंट: इसमें अधिकतम ब्याज 7.5% मिल रहा है ऐसे में रूल 72 के अनुसार अगर आप इस स्कीम में पैसा लगाते हैं तो पैसे को डबल होने में करीब 9 साल 6 महीने का समय लगेगा।
SBI और PNB की FD: इसमें अधिकतम ब्याज 7.00% मिल रहा है ऐसे में रूल 72 के अनुसार अगर आप इस स्कीम में पैसा लगाते हैं तो पैसे को डबल होने में करीब 11 साल 3 महीने का समय लगेगा।
कोटक महिंद्रा बैंक : इसमें अधिकतम ब्याज 7.10% मिल रहा है ऐसे में रूल 72 के अनुसार अगर आप इस स्कीम में पैसा लगाते हैं तो पैसे को डबल होने में करीब 10 साल 1 महीने का समय लगेगा।
क्या है रूल ऑफ 72?
फाइनेंस का यह खास नियम है रूल ऑफ 72। एक्सपर्ट्स इसे सबसे सटीक रूल मानते हैं, जिससे यह तय किया जाता है कि आपका निवेश कितने समय में डबल हो जाएगा। इसे आप ऐसे समझ सकते हैं कि अगर आपने बैंक के एक खास स्कीम का चयन किया है, जहां आपको सालाना 8% ब्याज मिलता है। ऐसे में आपको रूल ऑफ 72 के तहत 72 में 8 का भाग देना होगा। 72/8= 9 साल, यानी इस स्कीम के तहत आपके पैसे 9 साल में दोगुने हो जाएंगे।
FD कराते समय इन बातों का रखें ध्यान
सही टेन्योर चुनना जरूरी
FD में निवेश करने से पहले उसके टेन्योर (अवधि) को लेकर सोच-विचार करना जरूरी है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर निवेशक मेच्योरिटी से पहले विड्रॉल करते हैं, तो उन्हें जुर्माने का भुगतान करना होगा। FD मेच्योर होने से पहले उसे ब्रेक करने पर 1% तक की पेनल्टी देनी पड़ेगी। इससे डिपॉजिट पर कमाए जाने वाला कुल ब्याज कम हो सकता है।
एक ही FD में न लगाएं पूरा पैसा
यदि आप किसी एक बैंक में FD में 10 लाख रुपए का निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो इसकी जगह एक से ज्यादा बैंकों में 1 लाख रुपए की 8 FD और 50 हजार रुपए की 4 FD में निवेश करें। इससे बीच में पैसों की जरूरत पड़ने पर आप अपनी जरूरत के हिसाब से FD को बीच में ही तुड़वाकर पैसों की व्यवस्था कर सकते हैं। आपकी बाकी FD सेफ रहेंगी।
5 साल की FD पर मिलती है टैक्स छूट
5 साल की FD को टैक्स सेविंग्स FD कहा जाता है। इसमें निवेश करने पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के तहत आप अपनी कुल आय से 1.5 लाख रुपए की कटौती का दावा कर सकते हैं। आसान भाषा में इसे ऐसे समझें, आप सेक्शन 80C के माध्यम से अपनी कुल कर योग्य आय से 1.5 लाख तक कम कर सकते हैं।











