भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में डेढ़ माह पहले लोन एप के माध्यम से ठगी का शिकार बने किसान ने खुद को फंदे से लटकाते हुए खुदकुशी ली थी। किसान ने मरने से पहले मोबाइल पर वीडियो भी बनाया था। उसके मोबाइल फोन की जांच और उसमें मिले वीडियो के आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल फोन धारक के खिलाफ धोखाधड़ी, खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।
यह है मामला
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक ग्राम बरखेड़ा बरामद निवासी 24 वर्षीय देव नारायण विश्वकर्मा खेती के काम में अपने पिता का हाथ बंटाता था। दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी आठ माह की बच्ची है। देवनारायण ने 31 जुलाई को अपने घर में फांसी लगा थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। उसके मोबाइल फोन की जांच में पता चला था कि मौत से पहले उसने एक वीडियो बनाया था। उसमें देव नारायण कह रहा है कि धनी एप वालों को मैंने जो रकम दी है, उसके तमाम प्रमाण मेरे वाट्सएप में हैं। मैं मर रहा हूं... इन लोगों पर केस चलाओ। इन्हें गिरफ्तार करो।
लोन के चक्कर में गंवा बैठा था 1,93,000 रुपये
युवक की मौत के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पता चला कि तीन लाख रुपये का लोन लेने की कोशिश में वह साइबर ठगों के चंगुल में फंस गया था। उन लोगों ने लोन देने का झांसा देकर देवनारायण से 1,93,000 रुपये आनलाइन जमा करा लिए थे। उसके बाद फोन बंद कर लिए थे।











