ताजमहल घूमने आए यूएस नेवी सेक्रेटरी को घुमाता रहा फर्जी गाइड, चूक के बाद केस दर्ज होने में 11 महीने लगे

ताजमहल घूमने आए यूएस नेवी सेक्रेटरी को घुमाता रहा फर्जी गाइड, चूक के बाद केस दर्ज होने में 11 महीने लगे
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में ताज महल घूमने आए यूएस (अमेरिका) नेवी सेक्रेटरी कार्लोस डेल टोरो के साथ बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई है। हाल में सामने आया है कि पिछले साल 19 नवंबर को ताज महल की यात्रा के दौरान उन्हें एक नकली गाइड मिल गया था, जिसके साथ वो घूमे थे। मामले में पर्यटन विभाग की एक इंटरनल रिपोर्ट के बाद इस साल 9 अक्टूबर को केस दर्ज किया गया है। सबसे बड़ी बात है कि इतने बड़े मामले में केस दर्ज होने में करीब एक साल का समय लग गया। वहीं टूरिस्ट गाइड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान ने फर्जी गाइड असद आलम खान के खिलाफ रक्षा मंत्रालय में शिकायत दर्ज कराई है। जांच से पता चला कि खान एक फेरीवाला है और जाली प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल कर गाइड के तौर पर भी काम करता है।

टूरिज्म पुलिस स्टेशन की SHO रीना चौधरी के बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 419 (प्रतिरूपण द्वारा धोखाधड़ी के लिए सजा), 420 (धोखाधड़ी), 467 (मूल्यवान सुरक्षा की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के लिए जालसाजी), और 471 (जाली दस्तावेज को असली के तौर पर उपयोग करना) के तहत केस दर्ज किया गया है।

रक्षा मंत्रायल को करना पड़ा हस्ताक्षेप

इस मामले पर दीपक दान डैन ने कहा कि वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षा में चूक बड़ी हुई है। इससे शर्मनाक ये है कि केस दर्ज करने में अधिकारियों को 11 महीने का समय लग गया। साथ ही रक्षा मंत्रालय को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की जांच से पता चला कि आरोपी ने राज्य पर्यटन महानिदेशक के जाली साइन कर एक फर्जी आईडी कार्ड बनाया। कार्ड पर पंजीकरण संख्या भी फर्जी थी। जालसाज को 9 अक्टूबर को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में रिहा कर दिया गया।

वियतनाम के रक्षामंत्री के साथ भी धोखा

दीपन दान ने बताया कि इस साल की शुरुआत में वियतनाम के रक्षामंत्री जनरल फान वान गियांग को भी ताज महल की यात्रा के दौरान एक बिना लाइसेंस वाले गाइड ने घुमाया था। वहीं अगस्त में एक फर्जी गाइड ने अल साल्वाडोर से आए 36 सदस्यीय उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल को स्मारक तक पहुंचाया था। यूपी पर्यटन विभाग और एएसआई के पास ताज महल में केवल 400 रजिस्टर्ड गाइड हैं, लेकिन किसी भी दिन यहां 1 हजार से कम गाइड नजर नहीं आते हैं।

Advertisement