भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। सोमवार 28 अगस्त को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
श्रावण मेला:पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से भोपाल हाट में श्रावण मेला का आयोजन किया जा रहा है। मेले में मप्र के विभिन्न जिलाें के स्वसहायता समूह अपने उत्पाद लेकर आए हैं। शाम को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होती हैं। समय दोपहर एक बजे से रात 10 बजे तक है।
चित्रों की प्रदर्शनी: मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में गोंड समुदाय के चित्रकार यशवंत धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 40वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।
माह अगस्त के प्रादर्श : इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह अगस्त के प्रादर्श के रूप में उडुपी, कर्नाटक के लोक समुदाय से संकलित लकड़ी पर बनी बाघ की मूर्ति चिराटे को दर्शकों के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। इसे सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।











