सूत्रों के मुताबिक शहबाज शरीफ शहबाज शरीफ भारत को गीदड़भभकी देकर पाकिस्तानी जनता का सपोर्ट हासिल करना चाहते हैं। इमरान खान, बलूचिस्तान और पीओके को लेकर पाकिस्तान की सेना और शहबाज दोनों ही फंसे हुए हैं। वहीं पाकिस्तान की आर्थिक हालत खस्ता है। इन सबके बीच आर्मी चीफ लगातार पाकिस्तानी सरकार पर अपना कब्जा बढ़ा रहे हैं। पाकिस्तानी विश्लेषकों का कहना है कि असीम मुनीर देश के राष्ट्रपति बनने का सपना देख रहे हैं। असीम मुनीर की योजना है कि पाकिस्तान में राष्ट्रपति बनकर लंबे समय तक राज किया जाए।
पाकिस्तान क्यों भारत को बार-बार दे रहा धमकी?
पाकिस्तान में यह भी अटकलें तेज हो गई हैं कि अगले कुछ महीनों को शहबाज की जगह पर असीम मुनीर के करीबी मोहसिन नकवी को पाकिस्तान का अगला पीएम बनाया जा सकता है। इन सब अटकलों के बीच शहबाज भारत को गीदड़भभकी देकर खुद को ताकतवर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। सीएनएन न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने साफ कर दिया है कि सीमा की सुरक्षा को सिंधु जल संधि से अलग करके नहीं देखा जा सकता है।खुफिया सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान सरकार प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद जारी है और ऐसे में सिंधु जलसंधि जारी नहीं रह सकती है। भारत ने अब सिंधु जलसंधि को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बार-बार इसलिए भारत को सिंधु संधि पर धमकी दे रहा है क्योंकि वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीयकरण करना चाहता है। वहीं भारत ने साफ कह दिया है कि दोनों देशों में विवाद द्विपक्षीय है। पाकिस्तान की चाल है कि भारत को आक्रांता के रूप में दिखाया जाए ताकि दुनिया का दबाव बने। इससे तीसरे पक्ष की मध्यस्थता का रास्ता साफ होगा जो पाकिस्तान का असली मकसद है।
