कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि विलय के बाद भी विस्तारा के शिड्यूल पर विस्तार के ही एयरक्राफ्ट ही उड़ेंगे। उसकी इन-फ्लाइट सर्विस, केबिन क्रू, मेन्यू, कटलरी और अन्य सेवाएं कुछ समय तक पहले जैसे ही बनी रहेंगी। विस्तारा के रूट्स पर सेवाएं उसी तरह से मिलेंगी जैसे विस्तारा में मिलती थी।
एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि 12 नवंबर 2024 से, एयर इंडिया और विस्तारा दोनों के पायलट एक ही ड्यूटी रोस्टर के तहत ही कार्य करेंगे। चूंकि केबिन क्रू ग्राहकों के सीधे संपर्क में रहते हैं। इसलिए विस्तारा ब्रांड के समाप्त होने के बाद भी कुछ समय तक उनकी टीम अलग-अलग बनी रहेगी।
12 नवंबर के बाद विस्तारा की फ्लाइट के चेक-इन भी एयर इंडिया के काउंटर से ही होंगे। यही नहीं, बोर्डिंग गेट पर स्क्रीन में सिर्फ एयर इंडिया का नाम और सिंबल दिखेगा। हालांकि एयरलाइन के एक दूसरे अधिकारी ने बताया कि चूंकि सभी यात्रियों को इस विलय की जानकारी नहीं है। इसलिए हम ग्राहकों को इससे अवगत कराने के लिए चेक-इन काउंटरों और बोर्डिंग गेट पर शुरू में प्लेकार्ड या संकेतों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
जिन यात्रियों ने विस्तारा की फ्लाइट का एडवांस टिकट खरीदा है, तो उन्हें चिंतित होने की जरूरत नहीं है। वही टिकट एयर इंडिया के विमान में भी काम करेंगे। यही नहीं, वे जिस एयरक्राफ्ट पर चढ़ेंगे, उसकी लाइवरी भी विस्तारा की होगी। एयरक्राफ्ट के अंदर विस्तारा के बैंगनी रंग के सीट कवर और ब्रांडिंग भी बरकरार रहेंगे।











