आगरा पुलसि ने टैक्सी चालक को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी पवन को गिरफ्तार कर लियर है। फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। बुधवार की देर रात को मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान हत्या और लूट के मामले में वांछित इनामी बदमाश की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इनामी बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन जिंदा कारतूसों के साथ एक अवैध तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा उसके पास से मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
डीसीपी सोमेंद्र मीणा ने पवन के एनकाउंटर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुखबिरों की सूचना के आधार पर टैक्सी चालक की हत्या और लूट के केस में इनामी बदमाश को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया था। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस की ओर से उसे दबोचने की कोशिश की गई तो उसने गोली चला दी। इसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई गई। पिनाहट थाना क्षेत्र के भदरौली के पास से आरोपी की गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।











