Zee में 2000 करोड़ का गबन सेबी ने सुभाष चंद्रा-पुनीत गोयनका से मांगा जवाब, शेयरों में भारी गिरावट

Zee में 2000 करोड़ का गबन सेबी ने सुभाष चंद्रा-पुनीत गोयनका से मांगा जवाब, शेयरों में भारी गिरावट
नई दिल्ली: जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कंपनी अभी सोनी के साथ मर्जर डील टूटने के सदमे से उबरी भी नहीं थी कि मार्केट रेगुलेटर सेबी ने उसकी चिंता बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेबी ने जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड के खातों से 24 करोड़ डॉलर यानी 19,89,28,44,000 रुपये मिसिंग हैं। सेबी की जांच में सामने आया है कि कंपनी से करीब 24.1 करोड़ डॉलर डाइवर्ट किए गए हैं । सेबी के जांचकर्ताओं ने शुरुआत में जो अनुमान लगाया था, यह राशि उससे करीब दस गुना है। सेबी ने इस बारे में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है। इसमें कंपनी के फाउंडर सुभाष चंद्रा और उनके पुत्र पुनीत गोयनका शामिल हैं। साथ ही कुछ बोर्ड मेंबर्स से भी इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस बीच जी ने इस रिपोर्ट का खंडन किया है कि उसके अकाउंट्स से 2000 करोड़ रुपये मिसिंग हैं। कंपनी ने कहा कि इस रिपोर्ट में कोई सच्चाई नहीं है।

इस बीच कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट आई है। मंगलवार को कंपनी के शेयरों में आठ फीसदी तेजी आई थी लेकिन बुधवार को इसमें भारी गिरावट दिख रही है। सुबह 10.30 बजे कंपनी का शेयर 10.52 फीसदी गिरावट के साथ 172.70 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। कल यह 193 रुपये पर बंद हुआ था और आज 173.70 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 165.55 रुपये तक गिरा। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 299.50 रुपये और न्यूनतम 152.50 रुपये है। सोनी के साथ डील टूटने के बाद 23 जनवरी को कंपनी के शेयरों में 33% गिरावट आई थी जो इसके इतिहास में एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट थी। उस दिन यह 152.5 रुपये पर आ गया था।

सेबी की रोक

सेबी ने पिछले साल अगस्त में जी के फाउंडर्स सुभाष चंद्रा और पुनीत गोयनका के किसी भी लिस्टेड कंपनी में एग्जीक्यूटिव या डायरेक्टर बनने पर रोक लगा दी थी। सेबी ने अपनी जांच में पाया था कि चंद्रा और गोयनका ने अपनी पोजीशन का दुरुपयोग किया था और अपने फायदे के लिए फंड्स का गबन किया था। जी ने सेबी के इस आदेश के खिलाफ हायर अपीलेट अथॉरिटी में अपील की थी और अक्टूबर में उसे राहत मिली थी। अपीलेट अथॉरिटी ने सेबी की जांच के दौरान गोयनका को एग्जीक्यूटिव पोजीशन होल्ड करने की अनुमति दी थी। पिछले फाइनेंशियल ईयर में जी के प्रॉफिट में 95 फीसदी गिरावट आई थी। दिसंबर तिमाही में उसे 58.54 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ था।
Advertisement