अडानी ग्रुप के शेयरों की वजह एक रिपोर्ट रही। इसमें दावा किया गया था कि आबू धाबी की नेशनल एनर्जी कंपनी PJSC (TAQA) अडानी ग्रुप में 2.5 अरब डॉलर का निवेश करने जा रही है। बस फिर क्या था, मार्केट खुलते ही अडानी ग्रुप के शेयर रॉकेट बन गए। कई कंपनियों के शेयरों में कारोबार के दौरान 12 फीसदी तक तेजी आई। हालांकि बाद में अडानी ग्रुप ने सफाई दी कि उसकी TAQA के साथ ऐसी कोई बातचीत नहीं चल रही है। लेकिन तब तक काम हो चुका था। इसके साथ ही अडानी ग्रुप का मार्केट कैप 11 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। फरवरी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है।
टॉप 20 में पहुंचे अडानी
अडानी 63.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 20वें नंबर पर आ गए हैं। एशिया में अब वह रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के बाद दूसरे नंबर पर हैं। चीन के झोंग शैनशैन इस लिस्ट में अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। शुक्रवार को उनकी नेटवर्थ में 1.05 अरब डॉलर की गिरावट आई। अडानी एक समय दुनिया के अमीरों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गए थे। लेकिन 24 जनवरी को अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के कारण उनकी नेटवर्थ में काफी गिरावट आई। इस साल उन्होंने 56.7 अरब डॉलर गंवाए हैं।इस बीच दुनिया के टॉप 10 रईसों में से नौ की नेटवर्थ में शुक्रवार को गिरावट रही। दुनिया के सबसे बड़े रईस एलन मस्क की नेटवर्थ में 2.67 अरब डॉलर की गिरावट आई और अब यह 205 अरब डॉलर रह गई है। इसी तरह बर्नार्ड आरनॉल्ट ने 1.56 अरब डॉलर, जेफ बेजोस ने 87.8 करोड़ डॉलर, बिल गेट्स ने 92.7 करोड़ डॉलर, वॉरेन बफे ने 28.2 करोड़ डॉलर, लैरी पेज ने दो अरब डॉलर, स्टीव बालमर ने 15.3 करोड़ डॉलर, सर्गेई ब्रिन ने 1.91 अरब डॉलर और मार्क जकरबर्ग ने 67 करोड़ डॉलर गंवाए। केवल लैरी एलिसन की नेटवर्थ में 1.09 अरब डॉलर की तेजी आई। अंबानी की नेटवर्थ में शुक्रवार को 68.7 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ। वह 96.4 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 11वें नंबर पर हैं।











