भोपाल। जिले में सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिए 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुगुर्ज और दिव्यांग मतदाताओं द्वारा मंगलवार से घर से मतदान की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मतदान प्रक्रिया के लिए 13 नवंबर अंतिम दिन है, लेकिन जिले में तीन दिन का लक्ष्य रखा गया है। प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरी कराने के लिए 113 टीमों का गठन किया गया है। मतदाताओं द्वारा बैलट पेपर से मतदान किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर दी जा रही सुविधा
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि जिले में कुल 27 हजार 89 मतदाता 80 साल से अधिक आयु वर्ग के हैं तो वहीं आठ हजार 47 दिव्यांग मतदाता हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आधार पर इनको घर से मतदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए इनकी स्वीकृति ली गई थी। इनमें से लगभग ढाई हजार मतदाताओं ने अपनी स्वीकृति दे दी है। अब इन सभी मतदाताओं से सात नवंबर से नौ नवंबर तक घर-घर जाकर बैलट पेपर से मतदान कराया जाएगा। इस प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, जिससे कि हर तरह की जानकारी निर्वाचन कार्यालय के पास मौजूद रहे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस भी दलों के साथ रहेगी।
शाम पांच बजे तक कर सकेंगे मतदान
इसके लिए कुल 113 टीमों का गठन किया गया है। यह मतदान प्रक्रिया तीन दिन तक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक होगी। हालांकि घर से मतदान की अंतिम तारीख 13 नवंबर है लेकिन हमने तीन दिन का लक्ष्य रखा है। इसके बारे में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी बताया गया है।











