भोपाल। शारदीय नवरात्र के अंतिम चरण में संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) में मां अंबे के दरबारों में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को देर रात तक माता के दरबारों में पूजा-अर्चना एवं जागरण का सिलसिला चलता रहा। अष्टमी पर कन्या पूजन एवं भंडारे हुए। सोमवार को महानवमी पूजन के बाद चल समारोह निकाला जाएगा। उत्सव समिति संगठनों के तमाम प्रयासों के बावजूद इस बार भी अलग-अलग जुलूस निकाले जाएंगे।
दो दर्जन से अधिक स्थानों पर निकलेंगे चल समारोह
झांकी समितियों को एकजुट करने के उद्देश्य से यहां के संगठन एक विशाल चल समारोह निकालने का प्रयास करते आ रहे हैं, पर सहमति नहीं बन पा रही है। इस बार भी दो दर्जन से अधिक स्थानों से चल समारोह निकलेंगे। बैरागढ़ में चल समारोह का स्वागत करने की परंपरा रही है। करीब आधा दर्जन हिंदू संगठन मेन रोड पर मंच लगाकर उत्कृष्ट झांकी समितियों को पुरस्कार देते हैं। इस बार चुनाव आचार संहिता के कारण मंच नहीं लग सकेंगे। जुलूस में डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस प्रशासन ने चुनाव आसार संहिता का पालन कराने की तैयारी की है। थाना प्रभारी कंवलजीत सिंह रंधावा के अनुसार झांकी समिति पदाधिकारियों से नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
विसर्जन घाट पर व्यवस्था, लेकिन पानी नहीं बदला
प्रतिमाओं का विसर्जन सीहोर नाका स्थित झूलेलाल विसर्जन घाट पर किया जाएगा। नगर निगम ने यहां नाव, गोताखोर एवं क्रेन की व्यवस्था की है। गणेशोत्सव के दौरान यहां अव्यवस्था फैल गई थी। इसे देखते हुए नगर निगम ने यहां अतिरिक्त अमला तैनात करने की तैयारी की है। हालांकि शनिवार रात तक इसका पानी नहीं बदला गया था। श्रद्धालु बब्बू बेलानी के अनुसार पानी में से दुर्गंध आ रही थी। घाट पर पुलिस बल तैनात रहेगा। नगर निगम ने यहां पर रंगरोगन कर दिया है। आसपास के क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाए जा रहे हैं, ताकि देर रात को अव्यवस्था न फैले।











