पिछले एक साल में खासकर पीएसयू शेयरों में काफी तेजी देखने को मिली है। मोदी की गारंटी और सरकार के कैपेक्स को बढ़ावा देने से निवेशकों ने सरकारी कंपनियों के शेयरों को हाथोंहाथ लिया है। पिछले 12 महीने में निफ्टी पीएसई और निफ्टी सीपीएसई में 100 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है जबकि निफ्टी पीएसयू बैंक करीब 95 फीसदी चढ़ा है। सोमवार को शुरुआती कारोबार में निफ्टी के 50 शेयरों में से 41 में तेजी दिख रही है। बीपीसीएल, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व और टाइटन कंपनी में सबसे ज्यादा तेजी आई है जबकि अडानी पोर्ट्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, विप्रो, दिवीज लैबोरेटरीज और एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट आई है।
मोदी की गारंटी का असर! भारत का मार्केट कैप पहली बार 400 लाख करोड़ के पार
नई दिल्ली: नए हफ्ते के पहले दिन शेयर मार्केट में शानदार तेजी दिख रही है। शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी और आईटी तथा ऑटो शेयरों में तेजी के दम पर बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी बाजार खुलते ही नए शिखर पर पहुंच गए। सेंसेक्स 400 अंक से अधिक तेजी के साथ 74,658 अंक पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 100 अंक से अधिक उछलकर 22,623 अंक पर पहुंच गया। इसके साथ ही भारत का मार्केट कैप पहली बार 400 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। पिछले नौ महीने में इसमें 100 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। पिछले साल पांच जुलाई को भारत का मार्केट कैप 300 लाख करोड़ रुपये पहुंचा था। उसके बाद से निफ्टी में 16 फीसदी तेजी आई है। भारत का मार्केट कैप 2007 में 50 लाख करोड़ पहुंचा था जबकि 2014 में यह पहली बार 100 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंचा था। इसमें 200 लाख करोड़ रुपये का स्तर फरवरी 2021 में छुआ था।











