राजधानी रांची में सुबह से ही हो रही है अच्छी बारिश
झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह से ही अच्छी हो रही है। रांची और आसपास के इलाके में रूक-रूककर हो रही लगातार बारिश से निचले इलाके में स्थित कई घरों में पानी घुस आया है। जबकि सड़कों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाने से लोगों को आने जाने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पलामू से लेकर संताल तक में अच्छी बारिश
पिछले छह दिनों में पलामू से लेकर संताल तक में अच्छी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश गढ़वा के नगर उंटारी में 56.8 मिलीमीटर हुई, जबकि साहेबगंज में 50 और रांची के खलारी में 37 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार देश के पश्चिमी राजस्थान से लेकर मानसून टर्फ झारखंड होते नागालैंड तक बना हुआ है। इससे राज्य में बारिश होने की संभावना है।पिछले 24 घंटों की बारिश के साथ राज्य में बारिश में कमी का प्रतिशत 47 प्रतिशत पर आ गया है। पूरे राज्य में एक जून से लेकर अब तक 96.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है,जबकि इस समय तक राज्य में 181.4 मिलीमीटर वर्षा होती है। लगातार बारिश से खेतों में पानी की उपलब्धता बढ़ी है।











