धड़ाम हो रहे शेयर
गौतम सिंघानिया ने अपनी 32 साल पुरानी शादी तोड़ने का ऐलान क्या किया, कंपनी के शेयरों को झटका लगना शुरू हो गया। 13 नवंबर के बाद से रेमंड के शेयरों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गौतम सिंघानिया पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। गौतम सिंघानिया पर पत्नी ने मारपीट का आरोप लगाया। पिता ने भी बेटे को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए। पिता-पत्नी दोनों ने गौतम सिंघानिया पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद एक प्रॉक्सी एडवाइजर फर्म ने रेमंड के स्वतंत्र निदेशकों से सिंघानिया पर लगे आरोपों की जांच करने को कहा। प्रॉक्सी एडवाइजर फर्म इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर एडवाइजरी सर्विसेज (IiAS) ने स्वतंत्र निदेशकों से गौतम सिंघानिया पर पत्नी और पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की बात कही। फर्म ने कहा कि जांच तक गौतम सिंघानिया और नवाज मोदी को बोर्ड से दूर रखा जाए।टेंशन में रेमंड के निवेशक
कंपनी के एमडी गौतम सिंघानिया पर लगे गंभीर आरोपों के बाद से रेमंड के शेयर गिरने लगे, जो लगातार जारी हैं। कंपनी के शेयरों में अब तक 17 फीसदी से अधिक की गिरावट आ चुकी है। रेमंड के शेयर मंगलवार को 4.99 फीसदी की गिरावट के साथ 1566.90 रुपये के निचले स्तर पर पहुंच गए। बुधवार को भी बाजार खुलने के साथ शेयर धड़ाम होकर 1527.40 रुपये पर पहुंच गए। कंपनी के शेयरों में आ रही गिरावट के चलते कंपनी का मार्केट कैप गिर रहा है। बीते नौ दिनों में रेमंड का फुल मार्केट कैप गिरकर 10,232.72 करोड़ रुपये पर आ चुका है। कंपनी के शेयरों में आ रही गिरावट, कंपनी के एमडी पर लगे आरोपों और नवाज मोदी की ओर से तलाक के बदले संपत्ति में 75 फीसदी हिस्सेदारी की मांग के बाद से निवेशकों में डर का मौहाल है। आपको बता दें कि तलाक के ऐलान से पहले रेमंड के शेयर ₹1889 रुपये पर ट्रेंड कर रहे थे। इस तलाक की वजह से पहली बार कंपनी का मार्केट कैप ₹11000 करोड़ रुपये के नीचे आ गया है।गौरतलब है कि नवाज मोदी सिंघानिया ने गौतम सिंघानिया से उनकी कुल संपत्ति में 75 फीसदी की मांग की है। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक नवाज मोदी ने तलाक को लेकर फैमिली सेटलमेंट के तहत गौतम सिंघानिया से उनकी कुल नेटवर्थ के 75 फीसदी हिस्से की डिमांड की है। गौतम सिंघानिया का नेटवर्थ 1.4 बिलियन डॉलर (करीब 11 हजार करोड़ रुपये) है। अगर नवाज मोदी की डिमांड मान ली जाती है तो उन्हें 8,250 करोड़ रुपये मिलेंगे।











