भोपाल। अरेरा हिल्स बाणगंगा चौराहा स्थित पीतल मंदिर के पास शनिवार रात बदमाशों के दो गुट आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान एक गुट के चार बदमाशों ने दूसरे गुट के दो लोगों पर चाकू-छुरी से प्राणघातक हमला कर दिया। एक के पेट, पीठ, पैर और चेहरे पर चोट आई थी, जबकि दूसरे की उंगलियों में चोट है। बदमाशों ने घायलों पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया गया था।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पुलिस को आरोपितों के इस विवाद का कारण का एक युवती बताई जा रही है। इसको लेकर यह विवाद हुआ है। आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद इसकी पूरा घटनाक्रम सामने आ पाएगा। फिलहाल आरोपितों की तलाश में पुलिस की टीम सीहोर और रायसेन में पहुंची है।
हम बता दें कि मोहम्मद शाहरुख पुत्र मोहम्मद अतीक (27) करीमबक्स कालोनी में रहता है। शनिवार रात वह अपने दोस्त शाहिद के साथ वीआईपी रोड जाने के लिए निकला था। इसी बीच शाहरुख खान नामक युवक ने शाहिद को फोन किया और उसे मिलने के लिए बाणगंगा स्थित पीतल वाले मंदिर के पास बुलाया। दरअसल दोनों के बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसमें राजीनामे को लेकर बातचीत करनी थी। शाहरुख खान के कहने पर शाहिद और मोहम्द शाहरुख बाणगंगा चौराहा पहुंचे। इस दौरान शाहरुख खान के साथ पप्पू चटका, विक्की वाहिद और एक अन्य युवक मौजूद था। आमना-सामना होने पर दोनों पक्षों के बीच पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया, जिस पर चारों बदमाशों ने मोहम्मद शाहरुख और शाहिद पर चाकू, छुरी से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू लगने से शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच बचाव कर रहे मोहम्मद शाहरुख की उंगलियों में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद चारों बदमाश मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल शाहरुख और शाहिद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी हालत नाजुक है।











