ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो के लिए एक महीने में तैयार होगी DPR, रूट में बदलाव को लेकर योगी सरकार का बड़ा फैसला
Updated on
12 Dec 2023, 12:36 PM
नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो पर अब जल्द ही काम शुरू हो सकता है। इसका रूट बदलने के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) के प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी दे दी है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो लाइन बिछवाने की बजाए अलाइनमेंट में बदलाव किया जा रहा है। एनएमआरसी ने नया रूट जो ब्लू लाइन मेट्रो के सेक्टर-61 में कॉमन प्लेटफॉर्म देकर निकालने की प्राइमरी स्टडी करवाई है,उसको लेकर ही अब संशोधित डीपीआर बनवाने जा रही है। दावा है कि एक महीने के अंदर डीपीआर तैयार हो जाएगी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब यह तय हो गया है कि ब्लू लाइन के सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को जोड़ा जाएगा। 17 किलोमीटर लंबे नए रूट पर 11 स्टेशन होंगे।
सरकार ने बढ़ाई थी प्रक्रिया
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को लेकर सरकार की मंजूरी का इंतजार था। दरअसल, परियोजना का रूट बदलने के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने प्रक्रिया बढ़ाई थी। इसके लिए औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र भेजकर मेट्रो कॉरपोरेशन ने रूट बदलने की मंजूरी मांगी। अब सरकार के स्तर पर निर्णय हो गया है। एनएमआरसी ने इससे पहले ब्लू लाइन मेट्रो के सेक्टर- 61 में दोनों लाइन को कॉमन प्लेटफॉर्म देने को लेकर स्टडी कराई है।इसमें साफ हुआ था कि ब्लू लाइन के सेक्टर-61 से अगर ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को जोड़ा जाएगा तो मेट्रो घूमकर जाएगी। इससे 2.5 किलोमीटर रूट और लंबा होगा। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद अब एनएमआरसी डिटेल सर्वे करवाकर फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करेगी।लोगों के आक्रोश के बाद आई खबर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों ने सार्वजनिक परिवहन की कनेक्टिविटी को लेकर ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और सरकार पर आक्रोश जताया था। आक्रोशित लोगों ने रविवार को जंतर मंतर पहुंच कर प्रदर्शन किया था। इसके एक दिन बाद सोमवार को सरकार की ओर से ग्रेटर नोएडा मेट्रो के रूट में बदलाव संबंधित प्रस्ताव पर हरी झंडी दे दी। इसके बाद जल्द ही इस परियोजना पर काम तेज होने की उम्मीद की जाने लगी है। मेट्रो के निर्माण से इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों को काफी फायदा हो जाएगा।