मेरा तलाक करा दो, पत्नी और ससुराल वाले मार देंगे! पेट्रोल डालकर ससुराल वालों ने मार डाला

मेरा तलाक करा दो, पत्नी और ससुराल वाले मार देंगे! पेट्रोल डालकर ससुराल वालों ने मार डाला
सुनील साकेत, आगरा: तीन महीने से ससुराल में रह रही पत्नी से मिलने और अपने पैसे मांगने ससुराल गए युवक को उसकी सास, पत्नी और साले ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घायल अवस्था में मुहल्ले वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, 90 फीसद जलने पर उसे दिल्ली एम्स ले जाया गया। जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने से पहले युवक ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने अपनी ससुरालजनों पर जान से मारने का आरोप लगाया था। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पत्नी समेत तीन पर केस दर्ज किया है।

जगनेर के गांव नगला भुम्मा का रहने वाला धर्मेंद्र सिंह उर्फ भूरा, 27 वर्ष की शादी 8 नवंबर 2019 को प्रीति से हुई थी। प्रीति चौहान थाना ट्रांस यमुना कॉलोनी के टेढ़ी बगिया महादेवी नगर की रहने वाली है। धर्मेंद्र के भाई लोकेश ने बताया कि प्रीति का शुरुआत से ही व्यवहार ठीक नहीं था। वह अपनी ससुराल में कम और मायके में ज्यादा रहती थी। तीन महीने से प्रीति अपने मायके में ही रह रही थी। 18 जुलाई को धर्मेंद्र उसे बुलाने के लिए ससुराल गया था। आरोप है कि साले अजय सिंह चौहान सास शीला देवी और पत्नी प्रीति ने उसे पकड़ लिया। उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। मुहल्ले वालों ने आग बुझाई और उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। हालात ज्यादा गंभीर होने पर उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया था। शुक्रवार शाम को उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस को मिला धर्मेंद्र का वीडियो

पुलिस को धर्मेंद्र का एक वीडियो मिला है। इस वीडियो में वह कह रहा है कि मकान बनवाने के नाम पर उसके ससुराल वालों ने उससे 5 लाख रुपए लिए थे। अपने रुपए लेने के लिए वह ससुराल गया था, जब उसने रुपए मांगे तो उससे विवाद करने लगे। तभी उसके साले अजय, पत्नी प्रीति और सास शीला ने उसे पकड़ लिया, उसके ऊपर पेट्रोल डालकर जान से मारने के लिए आग लगा दी। वीडियो में धर्मेंद्र कह रहा है कि उसका तलाक करवा दो। ये लोग मुझे मारने के लिए मेरे पीछे पड़े हैं।

90 फीसद जल गया था धर्मेंद्र

थाना ट्रांस यमुना प्रभारी सुमनेस विकल ने बताया कि धर्मेंद्र का उसकी पत्नी प्रीति से काफी समय से विवाद चल रहा था। 3 साल पहले प्रीति ने महिला थाना में प्रार्थना पत्र दिया था। दोनों परिवारों की काउंसलिंग की गई। वहां समझौता हुआ था। फिर से विवाद होने के बाद प्रीति अपने मायके रहने लगी और कोर्ट में परिवार दर्ज करा दिया। धर्मेंद्र के भाई लोकेश ने बताया कि धर्मेंद्र गुरुग्राम में मजदूरी करता था, जो भी कमाता था वो अपनी पत्नी को देता था, उसके दो बेटियां हैं। लोकेश की तहरीर पर पुलिस ने सास शीला देवी, पत्नी प्रीति और साले अजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है।
Advertisement