भोपाल: स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अभियानों की तैयारियों एवं मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन की रणनीति पर चर्चा के लिए 31 अगस्त को कलेक्टर सभागृह में प्रातः 11:00 बजे से जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई है। कलेक्टर भोपाल श्री आशीष सिंह कि अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, सघन मिशन इंद्रधनुष एवं आयुष्मान भवः कार्यक्रम की रणनीति पर विमर्श किया जाएगा। बैठक में नगर निगम, पंचायत विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, गैस राहत, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, नर्सिंग होम एसोसिएशन, आईएपी, फॉगसी, केमिस्ट एसोसिएशन, यूनिसेफ, न्यूट्रीशनल इनीशिएटिव, एविडेंस एक्शन, पाथ, जन अभियान परिषद एवं एनजीओ शामिल होंगे। टास्क फोर्स बैठक में 12 सितंबर को आयोजित कृमि मुक्ति दिवस, 1 सितंबर से आयोजित आयुष्मान भवः अंतर्गत संतृप्ति कवरेज एवं 11 से 16 सितंबर तक आयोजित सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए रणनीति विमर्श एवं अंतर्विभागीय समन्वय के लिए कलेक्टर द्वारा आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
कलेक्टर की अध्यक्षता में 31 अगस्त को होगी जिला टास्क फोर्स की बैठक, स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न अभियानों की रणनीति पर होगी चर्चा











