केजरीवाल के विश्वास प्रस्ताव पर आज विधानसभा में चर्चा:ED समन केस में कोर्ट में वर्चुअली पेश हुए अरविंद

केजरीवाल के विश्वास प्रस्ताव पर आज विधानसभा में चर्चा:ED समन केस में कोर्ट में वर्चुअली पेश हुए अरविंद

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विश्वास प्रस्ताव पर शनिवार सुबह 11 बजे विधानसभा में चर्चा होगी। उससे पहले केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होना था। वकील की मांग पर कोर्ट ने उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश होने की छूट दे दी।

केजरीवाल के वकील रमेश गुप्ता ने बताया- मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और बजट सत्र के कारण वे आज कोर्ट में शारीरिक रूप से उपस्थित नहीं हो सके। अगली सुनवाई 16 मार्च को है। उस दिन वे कोर्ट में पेश होंगे।

दरअसल, शराब घोटाले में पूछताछ के लिए ED ने केजरीवाल को 5 समन जारी किए थे, लेकिन वे जांच एजेंसी के पास एक बार भी नहीं पहुंचे। इसके बाद ED ने राउज एवेन्यू कोर्ट में याचिका लगाई थी। 14 फरवरी को कोर्ट ने केजरीवाल से कहा था कि आप 17 फरवरी को अदालत में हाजिर होकर पेशी में न जाने की वजह बताएं।

कोर्ट के निर्देश के चंद घंटे बाद ही ED ने अरविंद केजरीवाल को छठा समन जारी कर 19 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया। इससे पहले ED केजरीवाल को 2 फरवरी,17 जनवरी, 3 जनवरी, 21 दिसंबर और 2 नवंबर को समन भेज चुकी है।

मेरे विधायकों से कहा गया- मुझे गिरफ्तार किया जाएगा
16 फरवरी को विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पेश करते हुए केजरीवाल ने कहा था- भाजपा दिल्ली में ऑपरेशन लोटस चला रही है। हमारी पार्टी के 2 विधायकों से उन्होंने संपर्क किया और दावा किया था कि केजरीवाल को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

दोनों विधायकों को भाजपा के लोगों ने कहा कि AAP के 21 अन्य विधायक उनके संपर्क में हैं और पार्टी छोड़ने को तैयार हैं। उन्हें 25-25 करोड़ रुपए ऑफर किए गए हैं। हालांकि, हमने जब विधायकों से पूछताछ की तो हमें पता चला कि उन्होंने 7 विधायकों से संपर्क किया है। केजरीवाल ने इससे पहले मार्च 2023 और अगस्त 2022 में विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया था।

भाजपा के 7 विधायक सस्पेंड
दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने शुक्रवार को सदन से भाजपा के 8 में से 7 विधायकों को बजट सेशन से सस्पेंड कर दिया था। इसमें नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी भी शामिल हैं। स्पीकर ने कहा कि सस्पेंड किए गए विधायकों ने एक दिन पहले गुरुवार को LG के अभिभाषण को रोकने की कोशिश की थी। वे चाहते थे कि केजरीवाल पर जुबानी हमला किया जाए। आज विश्वास प्रस्ताव के दौरान भाजपा के 7 विधायक सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।

2 बार विश्वास प्रस्ताव पेश कर चुके हैं केजरीवाल...

29 मार्च 2023: CM बोले- भाजपा विधायकों को खरीदना चाहती है\

दिल्ली के CM केजरीवाल ने 29 मार्च 2023 को दिल्ली की विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इस दौरान विपक्ष के सभी 8 विधायकों ने वॉकआउट किया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा था- देश में दो लोगों को छोड़कर सब डरे हुए हैं। जिस दिन मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे, उस दिन भारत भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा। BJP हमारे विधायकों को खरीदने की कोशिश में है। 

29 अगस्त 2022: विपक्षी विधायकों को पूरे दिन के लिए सदन से बाहर किया गया

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 29 अगस्त 2022 को भी विधानसभा में विश्वासमत प्रस्ताव पेश किया था। इस प्रस्ताव से पहले भाजपा विधायकों ने दिल्ली में सीवर-पानी और भ्रष्टाचार पर चर्चा कराने की मांग की थी, जिसके बाद सभी विधायकों को पूरे दिन के लिए सदन से बाहर कर दिया गया। इधर, आप के सभी विधायक LG विनय कुमार सक्सेना के इस्तीफे की मांग को लेकर पूरी रात दिल्ली विधानसभा के भीतर धरना देने की बात कही थी। 


Advertisement