धोनी के आते-आते कहीं देर न हो जाए! आईपीएल 2026 की प्लेऑफ से पिछड़ रही CSK, पॉइंट्स टेबल में ऐसा हाल
नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की शुरुआत किसी बुरे सपने जैसी रही है। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में टीम ने अब तक खेले अपने तीनों शुरुआती मुकाबलों में हार का सामना किया है। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ इस टीम को हार मिली, जहां उन्हें 43 रनों से हार झेलनी पड़ी। इस हैट्रिक हार के बाद चेन्नई अब अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है और प्लेऑफ की रेस में पिछड़ती नजर आ रही है।
पॉइंट्स टेबल में भी बुरा हाल
पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो आरसीबी, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमें लगातार जीत के साथ टॉप पर बनी हुई हैं। चेन्नई का नेट रन रेट भी (-2.517) काफी खराब हो चुका है जो टूर्नामेंट के अंत में उनके लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अगला मुकाबला
चेन्नई का अगला मुकाबला 11 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है। अगर धोनी इस मैच तक फिट नहीं होते हैं तो सीएसके के लिए वापसी की राह और भी कठिन हो जाएगी। फैंस को उम्मीद है कि 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मैच में धोनी मैदान पर उतरेंगे। यदि टीम अगले एक-दो मैच और हार जाती है तो टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में ही वह बाहर होने की दहलीज पर खड़ी होगी।











