भोपाल। संस्कृति विभाग ने वर्ष 2022 के राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान एवं राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान की घोषणा कर दी है। प्रसिद्ध अभिनेता धर्मेंद्र देओल को किशोर कुमार सम्मान से नवाजा जाएगा, जबकि लता मंगेशकर सम्मान संगीत निर्देशक उत्तम सिंह को प्रदान किया जाएगा। संस्कृति विभाग द्वारा प्रदत्त राष्ट्रीय एवं राज्य सम्मानों की सम्मान राशि वर्ष 2022 से दोगुनी कर दी गई है। अब राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान एवं राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान के तहत पांच लाख की सम्मान राशि, सम्मान पट्टिका प्रदान की जाएगी।
धर्मेंद्र की छह दशक की अभिनय यात्रा को मिला मान
संस्कृति संचालक अदिति कुमार त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2022 के दोनों ही सम्मानों के लिए चयन समिति की बैठक विगत दिनों मुंबई में आयोजित की गई थी। फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र विगत 6 दशकों से भारतीय सिनेमा में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी अनेक फिल्में एवं निभाए गए किरदार आज भी दर्शकों में जीवंत हैं, जिनमें बंदिनी, दिल ने फिर याद किया, अनपढ़, आंखें, आई मिलन की बेला, रेशम की डोरी, काजल, पूर्णिमा, फूल और पत्थर जैसी अनेक सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। यह सम्मान बारी-बारी-बारी से अभिनय, पटकथा, गीत लेखन एवं निर्देशन के क्षेत्र में दिया जाता है। वर्ष 2022 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान फिल्म अभिनय के क्षेत्र में दिया जाना था। इसलिए अभिनेता धर्मेंद्र का चयन किया गया।
ख्यात संगीतकार हैं उत्तम सिंह
वहीं, संगीत निर्देशक और प्रसिद्ध वायलिन वादक उत्तम सिंह ने कई बालीवुड फिल्मों के लिए म्यूजिक अरेंजर, प्रोग्रामर और रिकार्डिस्ट के रूप में भी काम किया है। संगीत निर्देशक के रूप में फिल्म दिल तो पागल है रही। इसके बाद हम तुम पे मरते हैं, दुश्मन, फर्ज, प्यार दीवाना होता है, गदर - एक प्रेम कथा, रज्जो इत्यादि शामिल हैं।











