पेटीएम का शेयर नौ मई को 310.00 रुपये तक गिर गया था जो इसका 52 हफ्ते का न्यूनतम स्तर है। लेकिन अडानी की नाम जुड़ते ही यह रॉकेट बन गया है। बाजार में गिरावट के बावजूद पेटीएम के शेयरों में काफी तेजी दिख रही है। दो दिन की तेजी के साथ ही इसका मार्केट कैप भी 24,001.17 करोड़ रुपये पहुंच गया है। पेटीएम की स्थापना विजय शेखर शर्मा ने 2007 में की थी। इसकी शुरुआत रिचार्ज प्लेटफॉर्म के रूप में हुई थी। पेटीएम का आईपीओ 2021 में आया था और इसके लिए इश्यू प्राइस 2,150 रुपये था। लेकिन यह शेयर कभी भी इसके आसपास नहीं पहुंच पाया। इसका 52 हफ्ते का टॉप 998.30 रुपये है।
बाजार में गिरावट के बावजूद Paytm का शेयर लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट में, क्यों रॉकेट बना है स्टॉक?
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी डिजिटल कंपनी पेटीएम (Paytm) की पेरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस (One 97 Communications) का शेयर आज लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट छू गया। मंगलवार को खबर आई थी कि भारत और एशिया के दूसरे सबसे बड़े रईस गौतम अडानी (Gautam Adani) पेटीएम में हिस्सेदारी खरीद सकते हैं। लेकिन पेटीएम और अडानी ग्रुप ने इस खबर को अफवाह बताते हुए इसका खंडन किया है। इसके बावजूद पेटीएम के शेयरों में जबरदस्त तेजी दिख रही है। दो दिन में यह 10 फीसदी चढ़ चुका है। बुधवार को यह 359.55 रुपये पर बंद हुआ था और आज बाजार खुलते ही इसने पांच फीसदी का अपर सर्किट छू लिया। बीएसई पर यह 377.50 रुपये पर पहुंच गया। इस बीच सेंसेक्स करीब 200 अंक की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहा है।











