मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार सुबह तेज हवा के साथ बारिश हुई। इसके बाद लोगों को तीखी सर्दी का अहसास हुआ। UP के मुजफ्फरनगर में तो पारा 4.3º तक पहुंच गया। सर्दी को देखते हुए प्रयागराज में 6 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
राजस्थान के सीकर में पारा 1º तक पहुंचा गया है। माउंट आबू में भी तापमान शून्य के आसपास बना हुआ है। इधर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आज कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत 15 राज्यों में गुरुवार को दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हुई। भोपाल, जयपुर समेत उत्तर और मध्य भारत के 22 शहरों में विजिबिलिटी 200 मीटर से कम रह गई। इस वजह से दिल्ली पहुंचने वाली 26 ट्रेनें लेट चल रही हैं।
आगे कैसा रहेगा मौसम
अगले 24 घंटे में भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में मिनिमम टेंपरेचर दो डिग्री और कम हो सकता है। ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ने की आशंका है।
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अलग-अलग इलाकों में 5 जनवरी को सुबह कुछ घंटों तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सिक्किम, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले दो दिन कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर बनने से केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में अगले 3-4 दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना है। MP और झारखंड में हल्की बारिश हो सकती है।
5 जनवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की छिटपुट बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश और बिहार में पांच जनवरी को बादल छाए रहेंगे।
मौसम विभाग की एडवाइजरी- ड्राइविंग में सावधानी रखें
ट्रैफिक - कोहरा होने पर गाड़ी चलाते समय या किसी ट्रांसपोर्ट के जरिए ट्रैवल करते समय सावधानी रखें। ड्राइविंग धीरे करें और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। ट्रैवल शेड्यूल के लिए एयरलाइंस, रेलवे और स्टेट ट्रांसपोर्ट के संपर्क में रहें। एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों से कहा है कि वे एयरपोर्ट रवाना होने से पहले उड़ानों की स्थिति चेक कर लें।
हेल्थ - जब तक इमरजेंसी न हो, तब तक बाहर निकलने से बचें और चेहरे को ढंक कर रखें। अस्थमा, ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोग लंबे समय तक घने कोहरे में रहने से बचें। इससे सांस से जुड़ी परेशानी बढ़ सकती है।











