दिल्ली-NCR में गर्मी से छूटेंगे पसीने, देश के किन हिस्सों में होगी बारिश? जानिए वेदर अपडेट

दिल्ली-NCR में गर्मी से छूटेंगे पसीने, देश के किन हिस्सों में होगी बारिश? जानिए वेदर अपडेट
 अक्टूबर के महीने में भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी सता रही है। तेज धूप के चलते लोगों का पसीना निकल रहा है। दशहरे तक दिल्ली का तापमान बढ़ने के आसार हैं। उसके बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

शुक्रवार दोपहर उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया। वहीं आज आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहेगा। इसके बाद 6 से 10 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री रह सकता है। 8 और 9 अक्टूबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।


कब होगा ठंड अहसास?


इस बार भी अक्टूबर के तीसरे हफ्ते से ठंडक का हल्का एहसास शुरू हो जाएगा। दिल्ली और इसके आसपास कोई मौसमी सिस्टम नहीं है। इसी वजह से मौसम गर्म है। इस समय राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है। हल्की हवा चलेगी और देर शाम और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी।

उत्तर भारत में आज तेज धूप निकलेगी


यूपी समेत कई राज्यों से मानसून जा चुका है और अब गर्मी ने दस्तक दे दी है। शनिवार को तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। यूपी के अलावा, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मानसून विदा हो गया है। इन राज्यों में भी शनिवार को गर्मी और तेज धूप रहेगी। अक्टूबर में इतनी गर्मी हैरान करने वाली है, क्योंकि अक्टूबर में आमतौर पर हल्की ठंडक होती है। इस गर्मी से बचने के लिए उत्तर भारत के लोग अभी भी AC चला रहे हैं।


बंगाल में भारी बारिश की संभावना


पश्चिम बंगाल में इस हफ्ते भारी बारिश होने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश हो सकती है, और कुछ स्थानों पर तो बहुत भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है। शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने से दक्षिण बंगाल के जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने यह भी चेतावनी दी है कि दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जैसे पहाड़ी जिलों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो सकता है।
Advertisement