पिछले वर्ष अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में शहरी बेरोजगारी में गिरावट
नई दिल्ली: सरकार के लिए राहत की खबर सामने आई है। देश के शहरी इलाकों में बेरोजगारी की दर में गिरावट आई है। अक्टूबर-दिसंबर 2023 की तिमाही में 15 वर्ष और उससे ज्यादा आयु के व्यक्तियों के लिए शहरी क्षेत्रों में बेरोजगारी दर में मामूली गिरावट आई है। यह 6.6% से घटकर 6.5 फीसदी हो गई है। जबकि जुलाई-सितंबर अवधि में यह 6.6 फीसदी थी। देश में आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की महिलाओं के लिए बेरोजगारी दर 8.6 फीसदी रही है। यह पिछली तिमाही के समान है। हालांकि, यह अक्टूबर-दिसंबर 2022 की तिमाही में दर्ज 9.6 फीसदी से कम है।











