कांग्रेस मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 100 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्होंने दावा किया कि ‘स्वच्छ भारत अभियान’ में आठ बार प्रथम स्थान पाने वाले शहर इंदौर में पाइपलाइनों में सीवेज का पानी मिल रहा है।
खेड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा की तथाकथित ट्रिपल इंजन सरकार में ‘हर घर जल’ योजना अब ‘हर घर मल’ योजना में बदल गई है। उन्होंने दस्तावेज दिखाते हुए सवाल किया कि जब पुरानी पाइपलाइन बदलने के ठेके को 2022 में मंजूरी मिल चुकी थी तो काम क्यों नहीं हुआ? क्या सरकार किसी बड़े कमीशन का इंतजार कर रही थी?
उन्होंने यह भी कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक से वर्ष 2003 में भोपाल, इंदौर और ग्वालियर की जलापूर्ति सुधार परियोजनाओं के लिए 200 मिलियन डॉलर का ऋण मिला था। ऐसे में इस राशि के उपयोग का तत्काल ऑडिट कराया जाना चाहिए।











