डीडीए ने सरकारी कर्मचारियों के लिए लॉन्च की हाउसिंग स्कीम, 19 से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन

डीडीए ने सरकारी कर्मचारियों के लिए लॉन्च की हाउसिंग स्कीम, 19 से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
नई दिल्ली: दिल्ली विकास प्राधिकरण ( डीडीए ) ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पहली बार कर्मयोगी आवास योजना-2025 लॉन्च कर दी है। स्कीम का ब्रॉशर 19 दिसंबर को लॉन्च होगा। इसी दिन से स्कीम के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। स्कीम में वन बीएचके, टू बीएचके और थ्री बीएचके के 1169 नए फ्लैट्स हैं। सरकारी कर्मचारियों को 25% तक डिस्काउंट पर फ्लैट्स मिलेंगे। यह स्कीम सिर्फ केंद्र सरकार, राज्य सरकार, पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग, पब्लिक सेक्टर बैंक, लोकल बॉडीज, ऑटोनोमस बॉडी, यूनिवर्सिटी और इसी तरह के सरकारी इंस्टिट्यूट्स के कर्मचारियों के लिए है।

कहां हैं फ्लैट और कितनी है कीमत

  • स्कीम में सभी फ्लैट्स नरेला में है। पॉकेट-9, ए1 से ए4 में ये फ्लैट्स बनाए गए हैं।
  • वन बीएचके के 320 फ्लैट्स की कीमत 45.37 से 45.71 लाख रुपये तक है। डिस्काउंट के बाद यह कीमत 34.03 से 34.28 लाख के करीब होगी।
  • टू बीएचके के 576 फ्लैट्स हैं। इनकी कीमत 1.06 से 1.17 करोड़ रुपये तक है। डिस्काउंट के बाद यह कीमत 79.81 से 88.16 लाख रुपये के करीब होगी।
  • 3 बीएचके के 272 फ्लैट्स है। इनकी कीमत 1.52 से 1.69 करोड़ के करीब है। डिस्काउंट के बाद ये फ्लैट्स 1.14 से 1.27 करोड़ के करीब उपलब्ध होंगे।

जानें महत्वपूर्ण तारीख

रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरूः 19 दिसंबर 2025
बुकिंग शुरू होगी: 14 जनवरी 2026
स्कीम बंद होगीः 31 मार्च 2026

क्या है इस योजना का मकसद?

इस योजना का मकसद सरकारी और PSU कर्मचारियों के लिए एक साथ रहने की जगहें बनाना है। इससे वे एक ही इलाके में अपने पड़ोसियों के साथ रह सकेंगे। एक अधिकारी के मुताबिक डीडीए ने पहले भी सरकारी कर्मचारियों को डिस्काउंट रेट पर फ्लैट्स दिए हैं। लेकिन यह पहली बार है जब कुछ खास पॉकेट्स सिर्फ उनके लिए रिजर्व हैं।
Advertisement