फाइनल रिहर्सल में युवाओं ने दिखाया जोश
फाइनल रिहर्सल में बैरागढ़, ईदगाह हिल्स, गांधीनगर, पंचवटी, ग्लोबस ग्रीन, संत कंवरराम कालोनी, सिंधु दर्शन भेल, सिंधी कालोनी एवं भेल के युवाओं ने जोश दिखाया। मुख्य प्रशिक्षक सोनू ठाकुर के निर्देशन में युवाओं ने तीन ताली थीम पर भी झूम मचाई। प्रसिद्ध गायक नरेश गिदवानी ने अपनी मधुर आवाज में जैसे ही सिंधी गीत ठार माता ठार गाना शुरू किया, युवाओं का हुजूम झूम उठा। गरबा मेला समिति के अध्यक्ष मनीष दरियानी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को रात्रि आठ बजे होगा। टीवी पर भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभा चुके सुमेद मुदगलकर समारोह में मुख्य अतिथि होंगे और कृष्ण की लीलाएं करते नजर आएंगे।
फूड जोन में चखें व्यंजनों का स्वाद
सुंदर वन नर्सरी में इस बार फूड जोन भी बनाया गया है। यहां परंपरागत इंडियन, कांटिनेंटनल एवं साउथ इंडियन व्यंजनों के साथ ही सिंधी व्यंजन कढ़ी चावल, मिठी भोरी एवं बीह पटाटा आदि का स्वाद भी लोग चख सकेंगे। एलईडी मैपिंग मंच से सांस्कृतिक प्रस्तुति देते कलाकारों के साथ सर्किल में प्रतिभागी झूमते नजर आएंगे।
फाइनल रिहर्सल में स्ट्रांगर ग्रुप ने धूम मचाई
फाइनल रिहर्सल में स्ट्रांगर ग्रुप ने प्रस्तुति से धूम मचाई। इस ग्रुप में दीपेश लालवानी, वंशिका लालवानी, सुजीत कृपलानी, प्रांजल बजाज, पीयूष कृपलानी एवं अभय रामचंदानी शामिल थे। हरी टी शर्ट पहनकर आए समूह ने अपनी शानदार प्रस्तुति के साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। बैरागढ़ के युवा योगेश मालानी, करन, साक्षी, रौशनी, हिमांशी, टीशा, अर्पिता, अमन एवं नेहा मनवानी बुधवार को भारतीय क्रिकेट थीम पर मैदान में उतरेंगे।
मिलकर करेंगे मां अंबे की स्तुति
फाइनल रिहर्सल में सर्किल में उतरकर बहुत अच्छा लग रहा है। लगा है इंतजार की घड़ियां समाप्त हुई। हमने 25 दिन प्रशिक्षण लिया। बहुत कुछ सीखा। अब अगले चार दिन खूम धूम मचाएंगे। मिलकर गरबा करते हुए मां अंबे की स्तुति करेंगे।











