सरपट भागा क्रूड ऑयल का दाम, पहुंचा सात महीने के उच्चतम स्तर पर, क्या बढ़ा है पेट्रोल-डीजल का दाम?
Updated on
02 Sep 2023, 02:55 PM
नई दिल्ली: पिछले दो सप्ताह से क्रूड ऑयल (Crude Oil) सस्ता ही हो रहा था। लेकिन इस सप्ताह Organization of the Petroleum Exporting Countries (OPEC) and allies जिन्हें ओपेक प्लस (OPEC+) के नाम से जाना जाता है, ने एक बड़ा फैसला लिया। इस संगठन ने कीमतों को समर्थन देने के लिए कच्चे तेल के प्रोडक्शन को रेगुलेट करने का निर्णय लिया है। सउदी अरब ने तो अक्टूबर से प्रोडक्शन में हर रोज एक मिलियन बैरल की कटौती करने की घोषणा भी कर दी है। इस वजह से शुक्रवार को कच्चे तेल के बाजार में भारी तेजी दिखी। हालांकि, भारतीय पेट्रोल-डीजल के बाजार में आज भी दाम में कोई फेरबदल नहीं हुआ। आज 514वां दिन है जबकि पेट्रोल और डीजल के दाम (Petrol Diesel Price) में कोई बदलाव नहीं हुआ है। सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (Government OMCs) ने आज यानी शनिवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई फेरबदल नहीं किया। इन कंपनियों ने अंतिम बार छह अप्रैल 2022 को पेट्रोल और डीजल के दाम में 80-80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।
देश के महानगरों में क्या है पेट्रोल-डीजल के भाव
शनिवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपये और डीजल की कीमत 89.62 रुपये प्रति लीटर पर बनी रही। मायानगरी मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94.27 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 102.63 रुपये प्रति लीटर पर और डीजल 94.24 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। इसके अलावा कोलकाता में पेट्रोल 106.03 रुपये प्रति लीटर पर और डीजल 92.76 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है।
कब बदली थी पेट्रोल की कीमत
यूं तो पिछले साल की शुरुआत में पेट्रोल की कीमतें बढ़ी ही थीं। लेकिन 2022 के सात अप्रैल से इसके दाम में कोई घट-बढ़ नहीं हुई है। मतलब आज 514वां दिन है, जबकि इसका दाम स्थिर है। हालांकि, 22 मई 2022 को केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कमी का फैसला किया। इससे दिल्ली में पेट्रोल का दाम घट कर 96.72 रुपये पर आ गया था।डीजल के दाम में भी स्थिरता
डीजल का दाम भी बीते 514 दिनों से स्थिर है। साल 2021 में सितंबर के बाद पेट्रोल के मुकाबले डीजल का बाजार (Diesel Market) ज्यादा तेज हुआ था। कारोबारी लिहाज से देखें तो पेट्रोल के मुकाबले डीजल बनाना (Manufacturing of Diesel) महंगा पड़ता है। लेकिन भारत के खुले बाजार (Retail Market) में पेट्रोल महंगा बिकता है और डीजल सस्ता बिकता है। हालांकि, साल 2022 के 7 अप्रैल से इसके दाम भी स्थिर हैं। पिछले साल 22 मई को केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती के बाद दिल्ली में इसकी कीमतों में 7.35 पैसे कमी हुई थी। उसके बाद इसके दाम घट कर 89.62 रुपये प्रति लीटर पर आ गया।