क्रूड ऑयल महंगा हुआ, जयशंकर बोले- सरकार की स्थिति पर नजर, सप्लाई चेन कंट्रोल में
नई दिल्ली: ईरान-इजरायल युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में तनाव पैदा हो गया है। इसका असर भारत में भी दिखाई दिया है। खाड़ी देशों से आने वाले तेल की सप्लाई कम हुई है। साथ ही कीमतों में भी तेजी आई है। आज सोमवार को कच्चा तेल 110 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गया। इस बारे में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को राज्यसभा में सरकार का पक्ष रखा।उन्होंने कहा कि भारत सरकार कच्चे तेल की आपूर्ति और क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है। विदेश मंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति काफी खराब हुई है। ऐसे में सरकार घटनाक्रम पर लगातार नजर रख रही है। वहीं सरकार ने यह भी स्वीकार किया कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ सकता है। इसी वजह से क्रूड ऑयल की स्थिति पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ सप्लाई प्रभावित हुई है, लेकिन इस पर कंट्रोल है।











